बीवी ने ली पति की जान: बेटे-बेटी ने दिया मां का साथ, ई-रिक्शा में लाश रख नहर में फेंकी; अपने क्यों बने दुश्मन?
मृतक की पत्नी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में पत्नी ने प्लॉट के रुपयों के लिए पति से विवाद और इसके बाद बेटे, बेटी व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई।
विस्तार
प्लॉट बेचकर मिले 15 लाख रुपये को लेकर हुए विवाद में उदयवीर (36) की उसकी पत्नी ने बेटे-बेटी और दो साथियों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव हजारा नहर में फेंक दिया गया। पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है।
बच्चों ने भी दिया पिता की हत्या में मां का साथ
यूपी के एटा स्थित गांव लालपुर कल्याणपुर निवासी उदयवीर पत्नी और तीन बच्चों के साथ हीरा नगर में किराए पर रहता था। पुलिस के मुताबिक उदयवीर ने कुछ दिन पहले अपना प्लॉट करीब 15 लाख रुपये में बेचा था। इसी रकम के संबंध में उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। आठ सितंबर की रात विवाद के बाद पत्नी ने बेटे, बेटी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उदयवीर की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का दावा है कि इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए हजारा नहर में फेंक दिया गया।
भाई को हुई चिंता तो पहुंचे थाने
उधर, उदयवीर के सात-आठ दिन तक गांव नहीं पहुंचने पर उसके भाई अजब सिंह को चिंता हुई। पत्नी से जानकारी लेने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने कोतवाली नगर में तहरीर देकर भाई के साथ अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में पत्नी ने बताई वारदात
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में पत्नी ने प्लॉट के रुपयों के लिए पति से विवाद और इसके बाद बेटे, बेटी व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई। मामले में नामजद अंशुल, मृतक की पत्नी और बाल अपचारी बेटी और विवेचना में प्रकाश में आए चरण सिंह निवासी जोगामई थाना पिलुआ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयोग किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया है।
मृतक के शव की हजारा नहर में तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। -कीर्तिका सिंह, सीओ सिटी