एटा। प्याज के बाद आलू के दाम बढ़ने से लोगों की किचन का बजट बिगड़ रहा है। शहर में दो दिन हुई मूसलाधार बारिश के बाद आलू की आवक प्रभावित हुई है। बारिश से आलू की फसल पर भी प्रभाव पड़ा है। शनिवार को सब्जी मंडी में जहां थोक के रेट में आलू 25 रुपए प्रति किलो के भाव से बिका, वहीं फुटकर बाजार में 30 रुपये प्रति किलो के भाव से इसकी बिक्री हुई। पिछले दो दिन से आलू थोक में 17 से 18 रुपये प्रति किलो बिक रहा था।
बाजार में 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से इसकी बिक्री हुई थी। हरी सब्जियाें के दाम में भी इजाफा देखा गया है। पिछले एक महीने से प्याज के दाम में काफी इजाफा हुआ है। अब आलू की बढ़ी कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। आलू व्यापारी अजीम ने बताया कि दो दिन से बारिश होने की वजह से मंडी में आलू की आवक कम हो गई है, जिससे दाम बढ़ गए हैं। कुछ दिनों में बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।