Etah Accident: सड़क हादसे में बाइक सवार पॉलिटेक्निक के दो छात्रों की मौत, परीक्षा देकर लौट रहे थे वापस
दोनों दोस्त पॉलिटेक्निक की आगरा स्थित एक कॉलेज में परीक्षा देने के बाद एटा आए थे। गश्त पर निकली पुलिस द्वारा रात में दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के थाना बागवाला क्षेत्र स्थित गांव सौंसा के पास बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंद दिया। इस पर सवार पॉलिटेक्निक के दो छात्रों की मौत हो गई। एक युवक कासगंज और दूसरा फिरोजाबाद का रहने वाला था। दोनों दोस्त थे और अंतिम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा देकर लौट रहे थे।
हादसे में अर्जित उपाध्याय (20) निवासी गांव नगला सैय्यद अहरौली जिला व थाना कासगंज और आकाश पचौरी (21) निवासी सेक्टर-4 शाहनगर थाना दक्षिण फिरोजाबाद की मौत हुई है। अर्जित के बहनोई पवन कुमार निवासी वाजिदपुर थाना जैथरा ने बताया कि दोनों ने शाम को फोन किया था कि वह परीक्षा देने के बाद गांव आ रहे हैं। इसके बाद इंतजार करते रहे लेकिन नहीं आए तो समझा कि कहीं दूसरी जगह चले गए होंगे। बताया कि पुलिस ने आकाश के फोन से हादसा होने की सूचना उसके परिजनों को दी। मुझे रात करीब तीन बजे फोन से जानकारी मिली।
मृतक आकाश के भाई कुनाल पचौरी ने बताया कि बड़े भाई के साथ ही अर्जित आगरा स्थित मां गायत्री पॉलिटेक्निक संस्थान से डिप्लोमा कर रहा था। यहां पर दोनों में दोस्ती हुई थी और घर पर भी आना-जाना था। प्रयोगात्मक परीक्षा देने के बाद दोनों बाइक से फिरोजाबाद पहुंचे। देरशाम अर्जित अपनी बहन सोनम निवासी वाजिदपुर जैथरा के घर के लिए भाई के साथ निकला था।
थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे गश्त पर थे, तभी हादसे में दोनों घायल पड़े मिले। सरकारी गाड़ी से दोनों को मेडिकल कॉलेज लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तब परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।