Etah: अलग-अलग सड़क हादसों में राजमिस्त्री सहित तीन की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
एटा में अलग-अलग सड़क हादसों में राजमिस्त्री सहित तीन की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में सड़क हादसों में एक राज मिस्त्री सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक फिरोजाबाद जनपद का रहने वाला था। तीनों ही हादसे अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हैं। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत कासगंज रोड पर शनिवार सुबह अल्लैपुर निवासी प्रेमपाल (70) शौच करने जा रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल हुए प्रेमपाल को लेकर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार की देर रात आगरा रोड पर जिला हरसिंहपुर के पास बाइक सवार सतीश (28) को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि सतीश एटा से बाजार करके अपने गांव नगला भोला थाना एका जिला फिरोजाबाद जा रहा था। जैसे ही वह आगरा रोड पर नगला हरिसिंहपुर के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने उसकी टक्कर मार दी। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। मृतक के परिजन भी सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड पर गोशाला के समीप शुक्रवार की रात साइकिल सवार राज मिस्त्री रामप्रकाश (55) निवासी नगला पुन्नी थाना बागवाला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राज मिस्त्री को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीपक ने बताया कि पिता राज मिस्त्री का काम करते थे।
ट्रक से टकराई रोडवेज बस, तीन घायल
मलावन थाना क्षेत्र में रोडवेज बस ट्रक से टकरा गई। उसमें सवार महिला यात्री व चालक परिचालक घायल हो गए। महिला की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर किया गया है। वहीं अन्य सड़क हादसे में दो लोग घायल हुए हैं।
मलावन थाना क्षेत्र में हाईवे पर आसपुर टोल प्लाजा के समीप शनिवार सुबह करीब 4 बजे महोबा डिपो की बस एक ट्रक से टकरा गई। इससे चालक राकेश निगम व परिचालक बाबूलाल निवासी विवेक नगर हमीरपुर और यात्री गोमती कुशवाहा निवासी महोबा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहां गोमती की हालत को गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।
चालक-परिचालक का मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव ख्याली नगला के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अभिषेक निवासी नारायनी थाना विल्सी जिला बदायूं और नीरज निवासी ख्याली नगला थाना सिढ़पुरा घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से इनको मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया। वहां से नीरज की हालत को नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है।