Etah: सपा नेता की मुश्किलें बढ़ीं, एक और मुकदमा दर्ज, धार्मिक स्थल की जमीन कब्जाने का है मामला, भाई भी नामजद
एटा में सपा नेता सुनील यादव के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बार धार्मिक स्थल की जमीन पर कब्जा करने का मामला है। इस मामले में उनके भाई को भी नामजद किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा में नगर पालिका परिषद के निवर्तमान सभासद सपा नेता सुनील यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इनके खिलाफ एक धार्मिक स्थल की जमीन पर कब्जा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इससे पहले कांग्रेस नेता सत्या बहन की पुत्रवधू ने एक मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली नगर में अनिल ज्ञान प्रकाश निवासी मैगांव मैमोरियल चर्च ने सुनील यादव और इनके भाई विजय यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनिल का कहना है कि वह एटा-कासगंज में चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया की संपत्तियों की देखरेख, प्रबंध और सुरक्षा करते हैं। संस्था की भूमि गाटा संख्या 269 रकवा 0.478 हेक्टेयर गांव भगीपुर अंदर चुंगी गांधी मार्केट कचहरी रोड पर स्थित है।
संस्था की बाउंड्रीवॉल नहीं लगाने दे रहे
आरोप है कि इस जमीन के कुछ भाग पर सुनील यादव, इनके भाई विजय यादव निवासी आगरा रोड ने अन्य सहयोगियों की मदद से किराएदारों को बेदखल कर जबरन कब्जा कर लिया है। यहां से अपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। संस्था की बाउंड्रीवॉल भी नहीं लगाने दे रहे। आरोप यह भी है कि चर्च के कर्मचारियों को प्रार्थना भी नहीं करने दे रहे हैं। उनके साथ अभद्र व्यवहार कर धमकियां दी जाती हैं।
पुलिस मामले की कर रही जांच
बताया कि इनकी धमकियों से ईसाई समाज के लोगों में भय व दहशत है। आरोपी कभी भी धार्मिक उन्माद पैदा कर शहर का माहौल खराब कर सकते हैं। कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चर्च की जमीन पर कब्जा करने और ईसाई समाज के लोगों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।