एटा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में राज्य कर्मचारियों ने शनिवार को जिला अस्पताल में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी कई मांगें लंबित हैं। इन्हें पूरा नहीं किया जा रहा है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एसके दीक्षित, अमृत सिंह, राहुल गौतम, आर एस शाक्य सहित कई स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शनिवार को अस्पताल के आयुष विंग के पास एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एसके दीक्षित ने बताया कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
इसमें पुरानी पेंशन की बहाली सहित, आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को समाप्त करने, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को समाप्त करने सहित 16 मांगों को पूरा किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि मांगे पूरी नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इस दौरान ब्रजेश, नवीन गुप्ता, विनोद शिव प्रताप आदि मौजूद रहे।