जांच अधिकारी पर नहीं हुआ भरोसा तो एसएसपी कार्यालय पर घायल को लेकर पहुंचे परिजन
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव गनेशपुर निवासी जयमंदी पत्नी मुनेश कुमार को घायलावस्था में चारपाई पर रखकर शुक्रवार की दोपहर परिजन एसएसपी सुनील कुमार सिंह के ऑफिस लेकर पहुंचे। परिजनों ने एसएसपी से मिलने के बाद बताया कि गांव के ही प्रवेंद्र ने रंजिशन छह सितंबर को गांव में जयमंदी के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था।
इसकी वजह से महिला के दोनों कूल्हे फ्रेक्चर हो गए। इस मामले की विवेचना एसआई महेंद्रपाल सिंह द्वारा की जा रही है। आरोप लगाया विवेचक आरोपियों से मिले हुए हैं निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती।
आरोप है कि विवेचक दुर्घटना दर्शाने पर तुले हुए हैं जब कि प्रधानी की रंजिश को लेकर जान से मारने के प्रयास किए गए हैं। परिजनों ने पुलिस कप्तान से विवेचक बदलने का भी आग्रह किया गया। पीड़ितों की बात सुनने के लिए सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड भी एसएसपी ऑफिस पहुंच गए और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन वापस लौट गए।