हैवानियत: तीन दिन से लापता गर्भवती किशोरी का नदी में मिला शव, कमर में बंधी थी बालू की बोरी
मृतका की मां ने बताया कि बेटी घर में नहीं है, इस बात की जानकारी दूसरे दिन शनिवार की सुबह हुई। जबकि परिवार के ही एक सदस्य ने बताया कि वह शुक्रवार की देर शाम को ही गायब हो गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महुआडीह थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी गर्भवती किशोरी का शव सोमवार को छोटी गंडक नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने वालों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए बालू के बोरे से शव को बांध दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार किशोरी की गला कस कर हत्या की गई थी। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
एक गांव निवासी 17 साल की किशोरी चार दिनों से घर से गायब थी। उसका शव सुबह ग्रामीणों ने छोटी गंडक नदी में उतराता देखा। गांव के चौकीदार ने इसकी सूचना थानेदार को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि किशोरी का शव नदी में बालू से भरे बोरे में बंधा था। किशोरी को सुनियोजित तरीके से मारकर शव को ठिकाने लगाने के लिए नदी में फेंक दिया गया था। किशोरी की पहचान होने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसके गायब होने की बात भी स्वीकार किए। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि वह कुछ माह की गर्भवती थी और उसका पेट निकला हुआ था।पुलिस ने देर रात मामले में किशोरी से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि किशोरी को करीब से जानने वाले ही घटना को अंजाम दिए हैं।
इसे भी पढ़ें: महराजगंज में कार की डिक्की से 60 लाख रुपये बरामद, जांच शुरू
किशोरी की गला कस कर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। अहम सुराग मिले हैं। किशोरी से जुड़े लोगों पर गहरा शक है। -संकल्प शर्मा, एसपी
बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव दफनाने पर जोर देते रहे परिजन
बेटी के गायब होने की परिजनों को दूसरे दिन हुई जानकारी
मृतका की मां ने बताया कि बेटी घर में नहीं है, इस बात की जानकारी दूसरे दिन शनिवार की सुबह हुई। जबकि परिवार के ही एक सदस्य ने बताया कि वह शुक्रवार की देर शाम को ही गायब हो गई थी।
इसे भी पढ़ें: देवरिया में ट्रक की चपेट में आने से कोटेदार की मौत, मचा हड़कंप
घटना के दिन मेला गया था परिवार
मृतका का परिवार संयुक्त है। शुक्रवार दोपहर में ही परिवार के लोगों के साथ मां भी फाजिलनगर के पास कनक पिपरा स्थित एक दरगाह पर मेरे में गई थी। घर पर छोटे बच्चों के साथ पिता और चाचा ही थे।
प्रेम प्रसंग की है चर्चा, कुछ दिन पहले हुई थी पिटाई
किशोरी का शव मिलने और उसके बाद परिजनों की प्रतिक्रिया को लेकर गांव में चर्चा हो रही है। सूत्रों के अनुसार किशोरी कक्षा आठ में पढ़ती थी। उसका किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी होने के बाद घर वालों ने कुछ दिन पहले ही उसके साथ मारपीट भी की थी। पुलिस की शक की सुई घर के लोगों की तरफ ज्यादा घूम रही है। यह साफ नहीं हो पा रहा कि किस युवक से उसका प्रेम था।
लोकलाज के डर से नहीं दी पुलिस को सूचना
मृतका की मां ने बताया कि घर के लोग बेटी की तलाश कर रहे थे। लोकलाज की वजह से पुलिस को सूचना नहीं दी। अब यह सब कैसे हो गया। उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा।