बिजली गिरने से आरओ प्लांट में लगी आग
गौरीबाजार। कस्बे के सब्जी मंडी समीप शनिवार की सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आरो प्लांट जलकर राख हो गया। इससे दो लाख से अधिक की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं इसी घर में सो रहे परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। गौरीबाजार कस्बे के वार्ड संख्या नौ गोलघर निवासी प्रेमनाथ जायसवाल उर्फ बबलू ने अपने मकान में आरो प्लांट लगाया है। यहां से आसपास के क्षेत्रों के गांवों में पानी की आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार की रात परिवार के लोग खाना खाकर सो रहे थे। इसी बीच देर रात से हो रही वर्षा के दौरान भोर में बिजली गिरने से आरो प्लांट में आग लग गई। इससे दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, बिजली के तार, मीटर, पाइप के साथ ही एक लाख रुपये मूल्य के बिजली के उपकरण जलकर राख हो गए। मशीन में आग लगने की सूचना के बाद जुटे लोगों ने घंटेभर के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। लोगों का कहना था कि यह संयोग ही है कि बिजली घर में सो रहे लोगों के ऊपर नहीं गिरी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।