देवरिया: विद्यालय में बैग छोड़कर लापता हुआ था छात्र, मंगलवार शाम तालाब में उतराता मिला शव
अपनी मां के साथ ननिहाल आने के बाद बरवा मीरछापर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने गए आठ वर्षीय शिवा का शव मंगलवार शाम गांव के तालाब में उतराता मिला। वह सोमवार शाम से ही लापता था। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। मंगलवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे मोर्चरी में भिजवा दिया।
विस्तार
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीरछापर गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय से सोमवार को लापता हुए आठ वर्षीय छात्र का शव मंगलवार की देर शाम गांव के पास तालाब में उतराता मिला। शव देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराने के बाद मोर्चरी में भिजवा दिया।
मां के साथ आया था ननिहाल
कुशीनगर जिले के चौरा थाना क्षेत्र के कोइलसवा बुजुर्ग गांव निवासी जनार्दन मद्धेशिया की ससुराल रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीरछापर गांव में धनंजय मद्धेशिया के यहां है। जनार्दन का आठ वर्षीय बेटा शिवा मद्धेशिया अपनी मां के साथ ननिहाल आया हुआ था।
विद्यालय से अचानक लापता हो गया था छात्र
सोमवार को शिवा पड़ोस के बच्चों के साथ गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने गया था। दोपहर बाद वह अचानक विद्यालय से लापता हो गया। उसका स्कूल बैग वहीं छूट गया था। छुट्टी होने के बाद भी जब शिवा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद मामा धनंजय ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की।
मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोगों ने तालाब में शिवा का शव उतराता देखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
