फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   दीक्षांत का मतलब शिक्षा का अंत नही: डॉ.दिनेश शर्मा

दीक्षांत का मतलब शिक्षा का अंत नही: डॉ.दिनेश शर्मा

Sun, 06 Jan 2019 11:33 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 06 Jan 2019 11:33 PM IST
विज्ञापन
दीक्षांत का मतलब शिक्षा का अंत नही: डॉ.दिनेश शर्मा
फोटो-
विज्ञापन

दीक्षांत का मतलब शिक्षा का अंत नहीं : डॉ. दिनेश शर्मा
बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बोले डिप्टी सीएम
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। प्रदेश के डिप्टी सीएम और माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय रतसिया कोठी के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह का मतलब शिक्षा का अंत नहीं होता है। इसका मतलब है कि अब तक जो पढ़ा उसे माता-पिता और गुरु के चरणों में समर्पित करते हुए समाज व राष्ट्र की सेवा की शपथ ले रहे हैं।
कहा कि समाज व राष्ट्र की सेवा एक ऐसा व्रत है, जो आपको अपने जीवन की अंतिम ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। इस व्रत को आजीवन आपको अपने जीवन में उतारने का काम करना चाहिए। साथ ही आपके अंदर राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना होना बहुत जरूरी है। यह भावना एक तरफ जहां आपको जीवन में सशक्त बनाएगा तो दूसरी तरफ समाज और राष्ट्र को भी मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने दीक्षांत समारोह में उपस्थित छात्रों के मंगलमय भविष्य की कामना की। समारोह की अध्यक्षता कर रहे गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. एसके दीक्षित ने कहा कि छात्रों को जीवन में स्वाध्याय, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना बहुत जरूरी है। तभी वे अपने लक्ष्य को हासिल कर समाज को एक नई दिशा दे सकेंगे। संस्थान के कुल मुख्य डॉ. टीपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत व आभार जताया। दीक्षांत समारोह को जय प्रकाश नारायण विश्वविद्यालय छपरा के कुलपति प्रो. हरकेश सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, प्राचार्य डॉ. केएम ठाकुर, प्रबंधक डॉ. भानु प्रताप सिंह, निदेशक चंद्र प्रताप सिंह, राणा राघवेंद्र सिंह, उदय प्रताप सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य हरिप्रसाद यादव, योगेश तिवारी, सीएम पाठक, अनिल सिंह आदि ने भी संबोधित किया।
विज्ञापन

मेडल पाते ही खिल उठे छात्रों के चेहरे
भाटपाररानी। बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय रतसिया कोठी के छात्र-छात्राओं ने जब अपने छात्र जीवन की मेहनत की कमाई गोल्ड मेडल पाया तो उनके चेहरे खिल उठे। गोल्ड मेडल पाने वाले विद्यार्थियों में निकी शर्मा, आयुषी चौरसिया, अपराजिता सिंह, प्रतिभा सिंह, श्रेया श्रीवास्तव, श्रद्धा सिंह, सीमा कुमारी, अनुराधा बरनवाल, तनीषा, रिंकी सिंह, सोनम कुशवाहा, मुस्कान राय, पिंकी सिंह, नेहा, रागिनी शर्मा, सूर्य नारायण पांडेय, सुनीता सिंह, सुमेंद्र कुमार, जयमाला आदि शामिल रहे। कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर इन विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


शिक्षकों को बड़ी राहत, थोड़ी नसीहत और कड़ी हिदायत
माध्यमिक शिक्षा की गरिमा लौटाने के लिए शिक्षकों-प्रबंधकों से मांगा सहयोग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बुद्ध शिक्षण संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह और माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के 61वें प्रांतीय सम्मेलन में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश चंद शर्मा ने शिक्षकों के लिए कई राहतों और सहूलियतों का एलान किया तो नकल रोकने की जिम्मेदारी सौंपते हुए हिदायत भी दी। बच्चों का भविष्य संवारने के लिए नसीहत देने से भी नहीं चूके। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को आगाह किया और माध्यमिक शिक्षा की गरिमा लौटाने के लिए सहयोग की अपील की।
राहत: राजकीय इंटर कॉलेजों में शिक्षकों का ट्रांसफर ऑनलाइन कर दिया गया है। प्रबंध तंत्रीय विद्यालयों में एकल ट्रांसफर के लिए शासनादेश जारी कर उसका कड़ाई से पालन कराएंगे। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी शिक्षक को प्रमोशन, पेंशन, ट्रांसफर, बकाए के लिए भटकना न पड़े। प्रमोशन, भर्ती के लिए अपीलीय प्राधिकरण बनेगा, जहां शिक्षक की समस्या का समाधान होगा। वित्तविहीन के लिए आदर्श नियमावली बन गई है।

नसीहत: डिप्टी सीएम ने कहा कि शिक्षक मार्गदर्शक के रूप में हैं। बच्चों का भविष्य उनके हाथों में है। अगर शिक्षक में कमी हुई तो पूरा समाज बिगड़ जाएगा। शिक्षक पूरी सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड से योग्य शिक्षक लाएंगे। माध्यमिक शिक्षा को उच्च कोटि का बनाना हम सबका प्रयास होना चाहिए। स्कूल प्रबंधकों से कहा कि विद्यालय में दुकान या बारात घर न चलाएं। अगर ऐसा नहीं करते तो इससे होने वाली आय विद्यालय की आय मानी जाएगी और उसके अनुसार शिक्षकों का वेतन-भत्ता भी बढ़ाना होगा।

हिदायत: कहा कि बच्चों का भविष्य हम बर्बाद नहीं करने देंगे। नकल कराने वाले जेल जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। केंद्र को लेकर कोई सिफारिश नहीं सुनी जाएगी। अगर कोई पैरवी करता है तो ऐसे विद्यालय केंद्र की सूची में होंगे भी तो उसे निरस्त कर दिया जाएगा। जो विद्यालय पढ़ाएगा उसका सम्मान किया जाएगा, लेकिन जहां 220 दिन पढ़ाई नहीं हुई तो उसकी मान्यता भी खत्म करेंगे। पहले पेपर जाते-जाते रास्ते में लीक हो जाता था। अब भूल से भी समय से पहले पेपर की सील खोली तो हम नहीं छोड़ेंगे।


फोटो-


हेलीकाप्टर में साथ लाये डिप्टी सीएम
भाटपाररानी। बनकटा क्षेत्र के रतसिया कोठी गांव में बुद्ध महाविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आए सूबे के डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा अपने साथ स्थानीय निवासी भाजपा नेता धनंजय सिंह बघेल को लेकर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते बना। धनंजय सिंह सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं। वह बीते चुनाव में टिकट के भी दावेदार रहे। डिप्टी सीएम के साथ धनंजय सिंह के आने को राजनैतिक विश्लेषक डैमेज कंट्रोल मान रहे हैं।

सुदृढ़ होगा जीआईसी का संग्रहालय, बरहज और रुद्रपुर में नए स्कूल
देवरिया। समारोह के दौरान कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही की मांग पर डिप्टी सीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के संग्रहालय को सुदृढ़ कराने का भरोसा दिया। रुद्रपुर और बरहज में नए राजकीय इंटर कॉलेज खोलने, देसही देवरिया में आठ एकड़ जमीन पर नए विद्यालय के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सलेमपुर में जीव विज्ञान और इंदूपुर में गणित की पढ़ाई शुरू कराने, रवींद्र किशोर शाही विद्यालय पथरदेवा में विज्ञान, वाणिज्य के पद सृजित करने का वादा किया। पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल माध्यमिक विद्यालय टीलाटाली को संचालित कराने की बात कही।

कलराज को बताया मार्गदर्शक
रतसिया कोठी में हुए कार्यक्रम में सदर सांसद कलराज मिश्र निजी कारणों से भले ही मौजूद न रहे हों, लेकिन डिप्टी सीएम उन्हें जिले में हो रहे कार्यों का श्रेय देने से नहीं चूके। कहा कि कलराज मिश्र हम लोगों के मार्गदर्शक रहे हैं। लाखों कार्यकर्ताओं को उन्होंने तैयार किया। देवरिया-कुशीनगर के विकास को लेकर वह बराबर चिंतित और प्रयत्नशील रहते हैं। उनके जैसे विशाल व्यक्तित्व का यहां से जनप्रतिनिधि होना गौरव की बात है।
भाजपाइयों ने किया स्वागत
रतसिया कोठी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का हेलीपैड पर भाजपा नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। स्वागत करने वालो में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अंर्तयामी सिंह, सांसद रवींद्र कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, विजय कुमार दुबे, जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अजय शाही, महामंत्री कृष्णानाथ राय, महामंत्री संजय राव, अजय दुबे, सीपी सिंह, शशिप्रकाश मिश्र, अंबिकेश पांडेय, पूर्व महामंत्री मधुसूदन मिश्र, जयप्रकाश तिवारी, प्रमोद शाही, सुरेंद्र सिंह टुनटुन, सुरेश तिवारी, विनय तिवारी, शशि रंजन तिवारी आदि रहे। इसके बाद डिप्टी सीएम ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर संगठन और सरकार के कार्यों के बारे में जानकारी ली। समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
विभिन्न संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, श्रीकांत यादव व शिवानंद नायक ने कक्षा-11, 12 में शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा बोर्ड से कराने, कक्षा-6, 7 व 8 के लिए शारीरिक शिक्षा की जिला मंडल व प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के लिए देने, खिलाडिय़ों की तरह जिले और मंडल शिक्षा अधिकारी को भी गणवेश के लिए अग्रिम भुगतान की मांग संबंधी ज्ञापन दिया। यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के महामंत्री राजेश चंद्र श्रीवास्तव ने कर्मचारियों के 22 सूत्री मांग पत्र का निस्तारण न करने और पदोन्नति आदेश निर्गत न करने की शिकायत करते हुए ज्ञापन दिया।


नसेट
डरे-सहमे लोगों का है गठबंधन बताया
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. दिनेश शर्मा ने सपा-बसपा के गठबंधन को डरे-सहमे लोगों वाला समझौता बताया और कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से घबराकर परस्पर विरोधी विचारधारा के दल एक हो रहे हैं। उनके गठबंधन का एकमात्र मकसद भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक न पहुंचने देना है, मगर जनता हकीकत समझ रही है। सरकार के अच्छे कार्यों की बदौलत यूपी में इस बार भाजपा को 73 से भी अधिक सीटें मिलेंगी। बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्या के समाधान के बारे में उन्होंने बताया कि सरकार शीघ्र कार्ययोजना लागू करने जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed