लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद में 31 मार्च तक सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स बंद, सरकार ने जारी किए निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार ने तीन जिलों राजधानी लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, स्वीमिंग पूल, क्लब, डिस्को, जिम को 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस प्रकोप के नियंत्रण के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान यह निर्देश दिए हैं।
प्रदेश शासन ने इन सभी परिसर के मालिकों, संचालकों, प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से आदेश को लागू करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर आईपीसी की धारा 188 के अनुसार कार्रवाई होगी। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इसके निर्देश भी जारीकर दिए हैं।
19 देशों से लौटने वालों के लिए बना कोरेंटाइन सेंटर
चीन सहित 19 देशों से आने वाले देसी-विदेशी यात्रियों को रोकने के लिए राजधानी में कोरेंटाइन सेंटर बनाया गया है। इनमें करीब 300 बेड आरक्षित किए गए हैं। इन यात्रियों को यहां 14 दिन तक रोका जाएगा। इसके बाद ही उन्हें रवाना किया जाएगा। हालांकि रविवार शाम तक इस सेंटर में किसी भी यात्री को रोका नहीं गया।
चीन के अलावा जिन देशों से आने वाले यात्रियों को राजधानी में रोका जाएगा, उनमें जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका, ताइवान, मलयेशिया, वियतनाम, फ्रांस, यूएई, कनाडा, इटली, ब्रिटेन, बेल्जियम, श्रीलंका, स्पेन, कंबोडिया, फिनलैंड शामिल है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सेंटर में मरीजों को रोकने से वायरस का फैलाव नहीं हो सकेगा। उसे नियंत्रित किया जा सकेगा। किसी मरीज में 14 दिन के अंदर कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो उसे तत्काल केजीएमयू या अन्य चिकित्सा सेंटर में भर्ती कराया जाएगा।
सफाई व दवा छिड़काव कराने का निर्देश, विशेष अभियान के लिए 3.82 करोड़ जारी
प्रदेश में कोरोना वायरस पर प्रभावी नियंत्रण व बचाव के लिए सभी नगर निकाय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने इसके लिए सभी नगर निकायों को विशेष अभियान चलाकर शहरी क्षेत्रों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई के व्यापक प्रबंधन करने के साथ ही नियमित सफाई व कीटनाशक दवाओं का निरंतर छिड़काव कराने को कहा है। सरकार ने इस विशेष अभियान के लिए 3.82 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं।
कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं : स्वास्थ्य मंत्री
प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस से डरने की जरूरत नहीं है। रविवार को जिले की अलग-अलग न्यू पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण करने आए स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि इससे निपटने की तैयारी प्रदेश में 27 जनवरी से ही शुरू हो गई थी। पूरे प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को मिलाकर करीब 1400 बेड का इंतजाम कर आइसोलेशन वार्ड बना दिए गए हैं। लखनऊ, अलीगढ़ और बनारस मेडिकल कॉलेज में सैंपलिंग केंद्र बन चुके हैं। जल्द ही गोरखपुर में भी सैंपलिंग केंद्र बन जाएगा।
कोरोना से साथी की मौत के बाद दुबई से लौटा संदिग्ध
बस्ती। दुबौलिया ब्लॉक के एक गांव में दुबई से आए संदिग्ध मरीज को महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। उसका नमूना केजीएमयू जांच के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संदिग्ध मरीज दुबई से तब देश लौटा जब उसके कमरे में रहने वाले एक साथी की कोरोना से मौत हो गई। हालांकि संदिग्ध ने पूछताछ में स्वास्थ्य टीम को सफाई दी है कि उसकी दुबई व दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य की जांच की गई जहां वह कोरोना से पीड़ित नहीं पाया गया, लेकिन यहां आने के बाद उसे कोरोना वायरस के लक्षण नजर आए हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने उसे अपनी निगरानी में भर्ती करा दिया है।