चित्रकूट। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने शनिवार को विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जानकारी ली। इसके बाद शहर के डाकबंगले में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी पर्यटन स्थलों का विकास किया जाए। मंदाकिनी नदी में गिरने वाले नालों के पानी को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद मिलकर कार्य करे।
उन्होंने कहा कि वह जनता के वकील व सरकार के डाकिया बनकर आए हैं। शासन के मंशानुरूप कार्य करें। गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आनी चाहिए। उन्होेंने जिले के मड़फा, ऋषियन, सूर्यकुंड, वाल्मीकि आश्रम, गोस्वामी तुलसीदास की जन्म स्थली सहित अन्य पर्यटन स्थानों के विकास के लिए पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह से जानकारी ली। कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास के लिए योजना बनाकर कार्य करें।
किसानों को समय से नलकूप के कनेक्शन दिए जाएं। इस मौके पर बुंदेलखंड विकास बोर्ड के सदस्य लवकुश चतुर्वेदी, बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरविंद कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता हाकिम सिंह, डॉ दीपक सेंगर, बीपी पटेल, रामबाबू तिवारी, अंकित पहारिया व अतुल सिंह मौजूद रहे।