{"_id":"579a41124f1c1bc06121ef4f","slug":"woman-shot","type":"story","status":"publish","title_hn":" महिला को गोली मारी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
महिला को गोली मारी
अमर उजाला ब्यूरो, चित्रकूट
Updated Thu, 28 Jul 2016 10:59 PM IST
विज्ञापन
बिलखते मृतका के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थानाक्षेत्र के मंडौर गांव में घर के आंगन मेें सो रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करते हुए आराम से भाग निकले। गोलियाें की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
महिला के साथ सो रही मासूम पुत्री बाल-बाल बच गई। घटना की जानकारी होते ही एसपी भारी पुलिस बल व डाग स्क्वाएड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बीच दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
विज्ञापन
थानाक्षेत्र के मंडौर गांव के भिटरिया बंबुरा में बुधवार देर रात करीब ढाई बजे असलहों से लैस पांच युवक पुरवा के मोहन निषाद के घर बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर पहुंचे। आंगन में मोहन अपनी पत्नी गुड़िया (32) व मासूम पुत्री पंचू के साथ चारपाई पर सो रहा था।
विज्ञापन
मोहन ने बताया कि आहट सुनकर उसकी नींद खुल गई। पास में असलहाधारियों को देखकर वह अंदर की ओर भागा। तभी हमलावरों ने गोली चला दी लेकिन गोली उसे नहीं लगी। हमलावरों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो वह कमरे का दरवाजा बंद कर चिल्लाने लगा। इस बीच हमलावरों ने उसकी पत्नी की कनपटी पर गोली मार दी। उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हमलावर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए और मोहन के घर से कुछ लोगों को भागते देखा। उधर, कमरे से निकले मोहन ने पत्नी की हत्या की जानकारी थाना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही रात को ही एसपी केके चौधरी, एएसपी अशोक कुमार, सीओ महेंद्र शुक्ला व थानाध्यक्ष केशव वर्मा डॉग स्क्वाएड के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद परिजनों से बातचीत की। मोहन ने थाने जाकर गांव के ही मुन्ना निषाद के साथ ही पूरन पुत्र दादूलाल, सुरेंद्र पुत्र बिफई, साहब लाल पुत्र राम विशाल निवासीगण भिटरिया और बाबूलाल पुत्र भगत निवासी मटियारा, मऊ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी केके चौधरी ने बताया कि नामजद आरोपी मुन्ना व मृतका के पति मोहन के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। दोनों के बीच लेनदेन का विवाद होने की भी बात सामने आई है। मृतका का पति मोहन हत्या के मामले में अपने चचिया ससुर के साथ जेल जा चुका है। फिलहाल दो आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।
हमलावरों का मोहन था टारगेट
मऊ थानाक्षेत्र के मंडौर गांव में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पता चला है कि हमलावरों ने सबसे पहले मोहन को ही टारगेट किया था। उस पर फायर भी किया लेकिन वह बाल-बाल बच गया और किसी तरह कमरे में छुपकर अपनी जान बचाई। मोहन के हाथ न लगने पर हमलावरों ने उसकी पत्नी को गोली मारकर अपनी भड़ास निकाली और भाग निकले।
नामजद आरोपी मुन्ना व मोहन के बीच लेनदेन को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है। घटना की रात हमलावर पूरी योजना बनाकर मोहन से ही बदला लेने आए थे। काफी हद तक बदमाश सफल भी हुए लेकिन निशाना चूक जाने से मोहन की जान बच गई। आंखों के सामने से शिकार निकल जाने पर मुन्ना व उसके साथी इस कदर भड़के कि अपना सारा गुस्सा मोहन की पत्नी गुड़िया को गोली मारकर उतार दिया।