चित्रकूट। विभिन्न समस्याओं को लेकर आशा, संगिनी कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय में जुलूस निकाल सीएमओ को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें समस्याओं के निदान की मांग की है। प्रदर्शनकारियों की सीएमओ से तीखी नोंकझोंक भी हुई। चेतावनी दी कि 15 दिन के अंदर मांगें पूरी न हुईं तो आंदोलन करेंगी।
गुरुवार को आशा व आशा सगिनी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष वंदना पांडेय की अगुवाई में तहसील परिसर के बाहर धरना देकर विरोध जताया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में सीएमओ कार्यालय पहुंचीं। सीएमओ को दिए आठ सूत्री मांग पत्र में कहा कि संचारी रोग दस्तक अभियान चल रहा है, लेकिन भुगतान नहीं किया जा रहा। रुपये मांगने पर निकालने की धमकी दी जाती है।
प्रसव कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर जाती हैं, जिसका भुगतान नहीं किया गया। लोकेशन रिपोर्ट मांगी जाती है। मांग की कि पिछला भुगतान किया जाए। कोरोना काल का भी भुगतान अभी तक नहीं मिला। कोरोना काल के बाद से भुगतान बंद कर दिया गया, जबकि कार्य लगातार कराया जा रहा है। ऐसे में भुगतान दिलाया जाए। इस मौके पर जिला महामंत्री सरिता शुक्ला, रेखा पटेल, सुषमा देवी, विभा मिश्रा, सुशीला मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।