{"_id":"67719f19fa4b61dd6d05d904","slug":"woman-was-murdered-for-not-giving-liquor-and-snacks-2024-12-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chandauli : शराब और चखना न देने पर की थी महिला की हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chandauli : शराब और चखना न देने पर की थी महिला की हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा
Mon, 30 Dec 2024 12:42 AM IST
नितीश कुमार पांडेय
अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली
अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली
Published by: नितीश कुमार पांडेय
Updated Mon, 30 Dec 2024 12:42 AM IST
सार
महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी का पकड़ा है और उसके पास से हत्या में प्रयोग किया सामान भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि शराब और चखना नहीं देने पर घटना को अंजाम दे दिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली महाल में राॅड से वार कर महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को रविवार की सुबह काली महाल चौराहे से गिरफ्तार कर उसके पास से रॉड, खून से लथपथ कपड़े और मफलर बरामद किया है। पुलिस लाइन में रविवार को एसपी आदित्य लांग्हे ने इसकी जानकारी दी।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि काली महाल में देशी शराब के ठेका के सामने हीरावती देवी (55) चखना बेचती थी। शुक्रवार की भोर में काली महाल निवासी हिमांशु गुप्ता नशे की हालत में उसकी दुकान पर पहुंचा और उससे चीखना व शराब मांगने लगा। महिला ने शराब नहीं बेचने की बात कही तो आरोपी ने गुस्से में लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया।
विज्ञापन
इससे महिला की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं। शराब की दुकान और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक युवक चखने की दुकान से बाहर निकलता दिखाई दिया। आरोपी की शिनाख्त होने के बाद रविवार को प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर हिमांशु गुप्ता को दबोच लिया।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की। उसके पास से लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए। एसपी के अनुसार युवक ने बताया कि रात में जब नशा कम होने लगा तो वह और शराब पीने की चाहत में ठेका के सामने हीरावती देवी की दुकान पहुंचा। महिला ने चखना और शराब देने से मना कर दिया। इसको लेकर विवाद हुआ और गुस्से में मैने कमरे में रखे लोहे का राड से उस पर हमला कर दिया।