यूपी में दबंग का दुस्साहस: पिस्टल के बल पर युवक को थूक चाटने के लिए किया मजबूर, वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत
चंदौली जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स एक युवक के साथ गाली- गलौच करते हुए उसे पिस्टल दिखाकर धमकी दे रहा है। हालांकि पुलिस के अनुसार घटना पुरानी है। पुलिस के पास मामला दर्ज हो चुका है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने जिले में सनसनी फैला दी है। वीडियो में एक युवक पिस्टल के बल पर दूसरे युवक को गाली देते हुए थूक कर चाटने के लिए मजबूर करता दिखाई दे रहा है। युवक के इनकार करने पर उसे गोली मारने की धमकी भी दी जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी की पहचान आंशु सिंह पुत्र राकेश कुमार सिंह निवासी भगतपुरा, थाना बबुरी के रूप में हुई है। वीडियो में आरोपी युवक दूसरे युवक के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे अपमानित करता नजर आ रहा है।
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि यह वीडियो लगभग 9 से 10 माह पुराना है। घटना के संबंध में थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद थाना बबुरी पुलिस ने आरोपी आंशु सिंह को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पूर्व कृत्य के लिए माफी मांगी है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है।