वाराणसी: मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन को भेंट किया बनारसी स्टोल और गंगाजल, आध्यात्मिक बंधन को दर्शाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को बनारसी स्टोल और गंगाजल भेंट किया। इस उपहार के जरिये उन्होंने काशी की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा की झलक पेश की। बनारसी स्टोल यहां की पारंपरिक बुनकरी और गंगाजल धार्मिक आस्था का प्रतीक है। इस भेंट से भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को भी मजबूती मिली।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह उर्फ बालेन को एक कलमकारी संपूर्ण रामायण चित्रावली, चंदन के डिब्बे में रेशम से बना एक बनारसी उत्तरीय (पटका) और गंगाजल उपहार में दिया।
ये भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों के प्रतीक हैं जो शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक एकता के आशीर्वाद देते हैं। साथ ही, दोनों देशों के बीच की स्थायी मित्रता को और मजबूत करते हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने शाह को एक चित्रावली भेंट की, जिसमें भगवान राम की यात्रा की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है। उनके जन्म और वनवास से रावण पर उनकी विजय तथा अयोध्या वापसी तक।
आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करके सूती कपड़े पर हाथ से बनाई गई यह कलाकृति, भारत की कथावाचन की समृद्ध परंपरा, भक्ति और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती है। यह भारत व नेपाल के बीच के स्थायी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक बंधन का भी प्रतीक है और भगवान राम की भूमि अयोध्या को मां सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर से जोड़ती है।
गुजराती डिब्बे में भेंट की बनारसी स्टोल: मोदी ने बालेन को एक चंदन के एक डिब्बे में बनारसी जरी स्टोल (उत्तरीय) भी भेंट किया। वाराणसी के इस रेशमी स्टोल पर कुशल कारीगरों द्वारा की गई बारीक नक्काशी और चमकते जरी का काम है। इसे गुजरात के एक चंदन के डिब्बे में रखा गया था जिस पर पारंपरिक लकड़ी के काम के साथ-साथ ज्यामितीय डिजाइन की बारीक जड़ावट की गई है।
गंगाजल के जरिये आध्यात्मिक बंधन को दर्शाया: प्रधानमंत्री ने अपने नेपाली समकक्ष को वाराणसी से लाया गया गंगाजल भी भेंट किया, जो एक पीतल के कलश में रखा था। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से जुड़ी यह भेंट, भगवान शिव के दो स्वरूपों-वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडो के भगवान पशुपतिनाथ के बीच आध्यात्मिक बंधन को दर्शाने में विशेष महत्व रखती है।
