यूपी: पुलिस ने महिला को जमकर पीटा और की गाली-गलौज, दिव्यांग बेटी के साथ थाने में बैठाए रखा, वीडियो वायरल
पति का आरोप है कि महिला के साथ बीमार दिव्यांग बेटी को सात घंटे अलीनगर थाने में बैठाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं, सात ही पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने भी शिकायत की है।
विस्तार
चंदौली जिले में अलीनगर थाना क्षेत्र के अमोघपुर गांव में गुरुवार को पुलिस द्वारा महिला के साथ मारपीट और गाली गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिसकर्मी महिला को पीटते हुए ले जा रहे हैं। साथ ही गाली-गलौज भी सुनाई दे रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अमित कुमार ने सीओ सदर रामवीर सिंह को वीडियो की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और समासेवी नूतन ठाकुर ने भी पुलिस के गलत आचरण की लिखित शिकायत एडीजी जोन वाराणसी से की है।
अमोघपुर गांव के चंदन चौहान ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि हमारे परिजनों से मामूली जमीनी विवाद चल रहा है। इसी प्रकरण में बुधवार को आलूमिल चौकी इंचार्ज महिला और पुरूष पुलिसकर्मियों के साथ घर पर आए। मैं उस समय मजदूरी करने गया था। परिवार के लोगों ने बताया कि महिला पुलिसकर्मियों के होने के बाद भी पुरूष पुलिसकर्मियों ने मेरी पत्नी को पीटा और गाली-गलौज की।
आरोप है कि उसे जबरन थाने ले जाने लगे तो उसने कहा कि मेरी 10 वर्ष की बीमार दिव्यांग बेटी है। जो चलने और खाने-पीने में असमर्थ है मैं उसे छोड़कर नहीं जा सकती। इस पर पुलिस ने बच्ची को भी थाने ले जाने को कहा।
चंदन ने बताया कि जब उसे पता चला कि पत्नी और बेटी को अलीनगर थाने में बैठाया गया है तो वहां गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। फिर उसने चंदौली एसपी कार्यालय में गुहार लगाई, वहां से छोड़ देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बच्ची और पत्नी को सात घंटे बाद शाम पांच बजे छोड़ा गया।
बच्ची की दोपहर की दवा छूट गई, जिससे उसकी हालत गंभीर है। इसी बीच बुधवार को महिला के साथ पुलिस का मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो वायरल हो गया। जिसके बाद एसपी अमित कुमार ने सीओ सदर को जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और समाजसेवी डॉ. नूतन ठाकुर ने ग्राम अमोघपुर, चौकी आलूमिल, थाना अलीनगर, चंदौली में गांव की महिला को पुलिस द्वारा गाली-गलौज एवं अभद्र आचरण करने के संबंध में कार्रवाई की मांग की है। एडीजी जोन वाराणसी सहित अन्य को भेजी अपनी शिकायत में उन्होंने सवाल उठाया है कि किस हैसियत, कौन से अधिकार से इन औरतों व बच्चों को गाली दी जा रही है। उन्होंने यह भी पूछा है कि मामले में अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई है।
एसपी अमित कुमा ने बताया कि वीडियो के संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। जांचो के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।