चंदौली में छात्रों के दो गुट भिड़े: झगड़ा सुलझाने पहुंचे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, कॉलेज में हड़कंप
चंदौली के बबुरी स्थित अशोक इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। बीच-बचाव करने गए युवक पर एक छात्र ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
चंदौली जिले के बबुरी स्थित अशोक इंटर कॉलेज के बाहर बुधवार को छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इसी दौरान बीच-बचाव करने गए युवक पर एक छात्र ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। लहूलुहान युवक को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक के शरीर पर कुल 11 चाकू से हमला किया गया है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बबुरी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अशोक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को अशोक इंटर कॉलेज के बाहर दोनों छात्र आपस में मारपीट करने लगे। मारपीट की सूचना मिलने पर एक छात्र के चाचा धनेजा गांव निवासी संजय मौर्य (30) सुलह कराने अशोक इंटर कॉलेज के पास पहुंच गए।
इसी दौरान दूसरे छात्र गुट ने चाचा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद मौके से छात्र फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि इस घटना में घायल संजय मौर्य के शरीर पर 10 से ज्यादा बार ताबड़तोड़ हमला किया गया था। घायल संजय ने बताया कि गांव के बच्चों से दूसरे गांव के बच्चों से कुछ झड़प हुई थी, लेकिन समझाकर मामला शांत कराया गया था। कुछ देर के बाद दूसरे पक्ष के युवक मेरे ऊपर हमला कर फरार हो गए।
पीडीडीयू नगर सीओ अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। इसी मामले में संजय मौर्य समझाने गया था। इस बीच विवाद और बढ़ गया और संजय मौर्य जख्मी हुआ है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।