बहन का जन्मदिन मनाने के लिए केक लेने निकले थे दो सगे भाई, सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल
- ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में हुआ हादसा
- बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल
विस्तार
चंदौली जिले के गुरेरा गांव में बुधवार की शाम बहन का जन्मदिन मनाने के लिए केक और मिठाई लेकर घर लौट रहे दो सगे भाईयों में छोटे भाई की ट्रैक्टर के धक्के से मौत हो गई। वहीं मृतक का बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक सहित ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस दुर्घटना में घायल दोनों युवकों को चहनिया पीएचसी ले आई जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चकिया बिहारी मिश्र निवासी लालू यादव (20) अपने बड़े भाई अजीत (30) को लेने हुदहुदीपुर गांव गया था। अजीत गांव के गुड्डू सिंह के घर में भोजन बनाने की नौकरी करता था।
दोनों भाई चहनिया में अपनी छोटी बहन रिया (17) के जन्मदिन के लिए केक व अन्य सामग्री खरीदकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। गुरेरा के पास सैदपुर की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से उनके बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।
इसमें लालू और उसका भाई गंभीर रूप ये घायल हो गए। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर चालक को वाहन समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे बलुआ इंस्पेक्टर सतेंद्र यादव दोनों घायलों को चहनियां पीएचसी ले आए जहां लालू को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं अजीत की हालत गंभीर देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ट्रैक्टर ड्राइवर व ट्रैक्टर को कब्जे में कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। मृतक लालू की शादी 20 दिन पहले ही बबुरी के महदेउर गांव में हुई थी। उसके मौत की सूचना पर पहुंचे पिता नंदू, मां सुदामी देवी व पत्नी रिंकी का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।