UP: चोरों ने मां-बेटी के कमरे को बाहर से बंद किया, आराम से नकदी और गहने चुराए; नींद खुलते ही उड़ गए होश
Chandauli News: चोरी की सूचना मिलते ही माैके पर कंदवा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। परिवार के लोगों से जानकारी लेने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया। लाखों रुपये की चोरी से स्थानीय लोग दहशत में हैं।
विस्तार
UP Crime: कंदवा क्षेत्र के कम्हरिया गांव में बीती रात पुष्पा देवी पत्नी कर्मवीर खरवार के घर में घुस कर चोरों ने एक लाख रुपये नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। इसके पहले चोरों ने घर में सो रही मां-बेटी के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चोरी की। शनिवार की भोर में दरवाजा बंद देख कर आशंका हुई।
कम्हरिया गांव निवासी कर्मवीर खरवार की पत्नी पुष्पा देवी अपने पति की मौत के बाद अपने तीन पुत्रियों के साथ घर पर रहती हैं। शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद वे अपनी तीन पुत्रियों के साथ अपने कमरे में सो रही थीं।
देर रात चोर दरवाजे के बारजे के सहारे घर में घुस गए और कमरे में सो रही मां-बेटी के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद दूसरे कमरे में रखे आलमारी को तोड़कर सोने की दो अंगूठी, दो मंगलसूत्र, मांगटीका, नथिया, दो झुमका, आयरन, माला, पायल, पैजनी, सोने और चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
शनिवार की भोर में जब पुष्पा देवी की नींद खुली तब उन्होंने बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोला तो दरवाजा नहीं खुला। तब उन्होंने अपने चचेरे ससुर को फोन किया। पहुंचे अन्य पड़ोसियों ने पहुंच कर दरवाजा खोला। तब बाहर निकलने पर पुष्पा कमरे का टूटा ताला और बिखरा सामान और टूटी अलमारी देखकर सन्न रह गई।
भुक्तभोगी ने मामले की सूचना कंदवा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़िता को चोरी के खुलासा का आश्वासन दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव कुमार मल्ल का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जब जब थाना प्रभारी से संभाला चार्ज, चोरों ने चोरी कर उन्हें दी सलामी
कंदवा। थाने में जब जब नए थाना प्रभारी ने चार्ज संभाला है, तब-तब चोरों ने चोरी कर उन्हें सलामी दी है। नवागत थानाध्यक्ष राजेश कुमार मल्ल को भी चोरों ने कम्हरिया गांव में लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दे सलामी दी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जब जब थाना प्रभारी का स्थानांतरण हुआ है और नवागत थाना प्रभारी चार्ज संभालते हैं तो चोर घटना को अंजाम देकर नवागत थानाध्यक्ष को सलामी देते रहे हैं।
इससे पूर्व जब प्रियंका सिंह, दयाराम गौतम, हरिश्चंद्र सरोज, रामजी सिंह, अजीत मिश्रा, के.के. चौबे, अरुण दुबे, महेंद्र पांडेय, अशोक मिश्रा आदि ने भी कार्यभार संभाला था,तब भी चोरों ने चोरी कर नवागत प्रभारी को सलामी दिया था।अजीत मिश्रा के समय में तो चोरों ने अरंगी स्थित ठाकुरबाड़ी से राम जानकी और लक्ष्मण की प्राचीन मूर्ति पर हाथ साफ कर दिया था।अब राजीव कुमार मल्ल के थाने का प्रभारी नियुक्त होने पर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर सलामी दिया है। अब पुलिस चोरों की चुनौती स्वीकार कर उन्हें पकड़ने में कामयाब हो पाती है कि नहीं ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।