बिहार बंद का आह्वान: छावनी में तब्दील रहा पीडीडीयू जंक्शन, ट्रेन में आगजनी मामले में छह गिरफ्तार
रेलवे भर्ती बोर्ड के ग्रुप डी की परीक्षाओं में गड़बड़ी के लेकर शुक्रवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया। इसको देखते हुए पीडीडीयू रेल मंडल में सतर्कता रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे के ग्रुप डी की परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन थम नहीं रहा है। रेलवे की ओर से सफाई देने और हाई लेवल जांच कमेटी गठित करने के बाद भी युवाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। रेलवे की एनटीपीसी (नन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी) परीक्षा में धांधली के विरोध में छात्रों ने शुक्रवार को बिहार बंद का आह्वान किया था। इसको देखते हुए पीडीडीयू रेल मंडल में सतर्कता रही। पीडीडीयू जंक्शन पर भी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। दिन भर विशेष सतर्कता बरती गई।
वरीय मंडल सुरक्षा अधिकारी आशीष मिश्र ने जवानों के साथ गया स्टेशन पर कैंप किया। वहीं सैयदराजा, दुर्गावती, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी गया, विक्रमगंज समेत लगभग दर्जन भर स्टेशनों पर फोर्स की तैनाती की गई।
रेल परिचालन में कोई बाधा न हो और ट्रैक पर कोई उत्पात न नहीं इसको देखते हुए पूरे स्टेशन परिसर को 25 पॉइंट में बांटा गया। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार और जिला पुलिस कर्मियों की टीम दिन भर संयुक्त रूप से स्टेशन पर भ्रमण करती रही।
ट्रेनों में भी विशेष जांच की गई। यात्रियों को सतर्क रहने का आह्वान किया। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त कर रहे गया में कैंप
रेलवे भर्ती बोर्ड के ग्रुप डी की परीक्षाओं में गड़बड़ी के बाद पीडीडीयू मंडल के सासाराम में छात्रों की ओर से तोड़फोड़ करने और गया स्टेशन पर रेलवे कोच में आग लगाने की घटना के बाद वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र तीन दिनों से गया में कैंप कर रहे हैं।
गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी व स्थानीय पुलिस के दो सौ जवानों की तैनाती की गई है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 13 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को उपद्रवी छात्रों ने गया रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी यात्री ट्रेन के कोच में आग लगा दी थी। इसके बाद से वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र अधिकारियों की टीम के साथ गया स्टेशन पर पहुंच गए। वहीं वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक गुड्स मोहम्मद इकबाल भी मालगाड़ी की सुरक्षा और समय से परिचालन के लिए कैंप किए हुए हैं।
शुक्रवार को छात्रों की ओर से बिहार बंद का आह्वान करने के मद्देनजर कमांडेंट ने गया के विभिन्न कोचिंग सेंटरों में पहुंच कर संचालकों से बात की। बाद में उन्होंने सासाराम पहुंच कर भी कोचिंग संचालकों से बात की और छात्रों को उपद्रव से दूर रहने का आह्वान किया।