सकलडीहा। लॉकडाउन के दौरान ग्रीन जोन में होने के कारण जिले के लोगों को कुछ ज्यादा छूट मिली है। कुछ स्थानों पर लोग छूट का फायदा उठाते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सामाजिक दूरी का पालन कराने को लेकर मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान बैंक कर्मचारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए।
लॉकडाउन के दौरान बैंकों से पैसा निकालने के लिए सुबह से ही लंबी लाईन लग रही है। बैंकों पर सामाजिक दूरी की अनदेखी की जा रही है। इसे देखते हुए कोतवाल सतेंद्र यादव के नेतृत्व में कोतवाली पुलिसकर्मियों की टीम ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सामाजिक दूरी और लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि सामाजिक दूरी का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में कस्बा प्रभारी बाबूराम यादव, अच्छेलाल यादव, विष्णु गौतम, अजय त्रिपाठी, चंद्रदेव प्रसाद, चौकी प्रभारी मकसुदन राय, अखंड सिंह, राजेश सिंह, रामनयन यादव सहित अन्य शामिल रहे।