पीडीडीयू नगर। वैश्विक महामारी के बीच लोगों की सेवा में लगे पुलिस, चिकित्सक, चिकित्साकर्मी, रेलकर्मी, सफाईकर्मी सहित अन्य लोगों के सम्मान में रविवार की शाम पांच बजे पांच मिनट तक लोगों ने थाली, ताली, घंट, घड़ियाल और शंख बजाया। इसके माध्यम से कोरोना के विरूद्ध लड़ाई का शंखनाद किया।
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार की सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। इसके साथ ही विपरीत परिस्थतियों में काम कर रहे पुलिस, डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ, रेलकर्मी, सफाईकर्मियों के सम्मान में शाम पांच बजे दरवाजे, छत पर खड़े होकर ताली बजाने का आह्वान किया। इस आह्वान के बाद वाट्सअप, फेसबुक सहित अन्य सोशल साइटों पर एक साथ ध्वनि होने से वायरस संक्रमण के नष्टहोने का संदेश प्रसारित होने लगा। वहीं जनता कर्फ्यू के फायदे समझाए गए। यही कारण है कि दिन भर जनता कर्फ्यू का साकारात्मक असर हुआ। वहीं शाम पांच बजते ही लोग अचानक छतों पर बालकनी में, दरवाजे पर खड़े होकर थाली, घंटी, शंख के साथ ताली बजाने लगे। एक साथ चारो तरफ से घंट, घड़ियाल, शंखनाद से अनोखा माहौल उत्पन्न हो गया। नगर के जीटी रोड, कैलाशपुरी, रविनगर, परमार कटरा, गल्ला मंडी, धर्मशाला रोड, लाठ नंबर दो, लाठ नंबर एक, न्यू महाल, काली महाल, चतुर्भुजपुर, चंदासी, पटेलनगर, सभी रेलवे कालोनियों में लोगों ने पांच बजे तक लोगों ने करतल ध्वनि की। धानापुर संवाददाता के अनुसार स्थानीय कस्बा में लिए लोगों ने शाम पांच बजे थाली बताया और ताली के साथ शंखनाद किया। इसी तरह चकिया, नौगढ़, इलिया, शहाबगंज, बबुरी, नियामताबाद, पड़ाव, दुलहीपुर, चहनियां, धानापुुर, कमालपुर, सकलडीहा, सैयदराजा, चंदौली सहित पूरे जिले में लोगों ने पांच मिनट तक करतल ध्वनि के साथ थाली बजा कर, शंखनाद कर विपरीत परिस्थितियों में काम करने को सम्मान दिया।