कमालपुर। क्षेत्र के धानापुर-महुजी मार्ग से जिगना घाट गंगा होते हुए गाजीपुर जिले के करंडा ब्लॉक को जोड़ने वाले जिगना गंगा घाट स्थित पीपा पुल का उद्घाटन बुधवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने किया। पुल के शुरू होने से चंदौली और गाजीपुर जनपद के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा और क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को सहूलियत होगी। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से इस पीपा पुल की मांग की जा रही थी। पुल चालू होने से दोनों जनपदों के बीच दूरी कम होगी और लोगों का समय व खर्च बचेगा। विशेष रूप से गंगा पार खेती करने वाले किसानों को अपनी कृषि भूमि तक पहुंचने में आसानी होगी। अब किसानों को फसल की बुवाई, सिंचाई और कटाई के दौरान आवागमन में कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पीपा पुल क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों का संपर्क दोनों जनपदों से बेहतर होगा। उद्घाटन समारोह में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, सुजीत जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह, चंद्रभान मौर्य, परमानंद सिंह, अनिल श्रीवास्तव, श्रीराम चौबे आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता ग्राम प्रधान अजोरा देवी ने जबकि संचालन रामजी तिवारी ने किया।