पीडीडीयू नगर। नियामताबाद ब्लॉक के डंगरा शाहपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं समेत अन्य मुद्दों मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। साथ ही पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों से एकजुट होने की अपील की।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। पीडीए समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव लालता बियार ने कहा कि सपा की विचारधारा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और शोषित-वंचित समाज के साथ खड़े रहने की रही है। सपा नेता चंद्रशेखर यादव ने कहा कि पीडीए जन चौपाल जनता से सीधे जुड़ने का माध्यम है। जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। अध्यक्षता जमुना बियार ने और संचालन विधानसभा महासचिव अजय इंद्रेश ने किया।