कंदवा। क्षेत्र के ओयरचक गांव स्थित संयुक्त चिकित्सालय पर शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे तक चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के न पहुंचने से नाराज मरीजों व उनके परिजनों ने हंगामा किया। साथ ही मोबाइल के जरिए इसकी शिकायत सीएमओ से की। मुख्य चिकित्साधिकारी आरके मिश्रा के मामले की जांच करा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए।
पूर्वाह्न 11 बजे तक अस्पताल से चिकित्सक सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी गायब थे। काफी इंतजार के बाद भी जब ताला नहीं खुला और स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचे तो अस्पताल पर दूरदराज के गांवों से इलाज के लिए पहुंचे लोगों का धैर्य टूट गया। वे स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। आरोप लगाया कि गांव स्थित संयुक्त चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक अक्सर अस्पताल छोड़कर गायब रहते हैं। इससे दूर दराज के गांवों से इलाज के लिए आए लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। बच्चों को लेकर इलाज के लिए पहुंचे लोगों का आरोप था कि फार्मासिस्ट व वार्डब्वाय अस्पताल खोलकर कार्यों की इतिश्री कर लेते हैं। वहीं अस्पताल पर तैनात चिकित्सक अस्पताल पर बहुत कम आते हैं। अस्पताल पर महंगी व अच्छी दवाएं लोगों को नहीं मिल पाती हैं। ग्रामीणों की शिकायत सुनकर सीएमओ ने जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही है। प्रदर्शन करने वालों में अरविंद सिंह, राजू, शुभम, परशुराम, रामाज्ञा, मारकंडेय, गीता, मंजीत, रिशु, कलावती, भगत, दीपू आदि शामिल रहे।