चंदौली। कोरोना के कहर के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित हो गई। सभी छात्रों को उनके पिछले परफार्मेंस के आधार पर नंबर दिए गए। छात्रों को किस्मत से जो मिला उसे स्वीकार किया पर जिले के 572 छात्र-छात्राएं ऐसी हैं जिन्होंने किस्मत को दरकिनार कर अंक सुधार के लिए परीक्षा देने की हिम्मत जुटाई। शनिवार को जिले के पांच केंद्रों पर पहली परीक्षा हुई जिसमें 165 छात्र पंजीकृत थे। इसके से 90 अनुपस्थित रहे और 75 उपस्थित रहे।वहीं सचल दल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहे। प्रत्येक केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रही।
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से वर्ष 2021 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के घोषित परीक्षाफल में अंक सुधार परीक्षा के लिए जिले में जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज चंदौली, सकलडीहा इंटर कालेज, इंटरमीडिएट कालेज मोदीनगर, जिला पंचायत कन्या उच्च माध्यमिक चकिया एवं राजकीय इंटर कालेज नौगढ़ को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर शनिवार से दो पालियों में परीक्षा आरम्भ हुई। पहले दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की हिन्दी विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुल 165 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। लेकिन परीक्षा में 75 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। वहीं 90 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।शासन से नामित नोडल अधिकारी एवं वाराणसी डीआईओएस द्वितीय नरेंद्र कुमार पांडेय ने तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा व्यवस्था ठीक पाई गई। उनके साथ जिले के डीआईओएस डा. विजय प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।