कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियों कांफ्रेंसिंग से 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान के लिए जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग बैठक की। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्ष व राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों को आम जनमानस के सामने प्रस्तुत करना है। साथ ही नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों व ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है। वीसी के बाद जिलाधिकारी ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले स्तर पर कार्यक्रम को कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार नोडल अधिकारी होंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा दिवस 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्म दिवस के अवसर पर विकसित भारत थीम पर सामूहिक संकल्प का प्रतीक दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। जिले के समस्त प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवनों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। साथ ही साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत व नगरीय वार्डों में दिन में रक्तदान शिविर व दिव्यांगजन कल्याण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासकीय व निजी विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता , उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण/डिबेट का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर से सात अक्तूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों में संवाद कार्यक्रम के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दाैरान मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मिर्जापुर श्याम सुंदर केसरी उपस्थित रहे।