चहनिया। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ का सुंदरीकरण कार्य 20 करोड़ रुपये से किया जाएगा। प्रदेश टूरिज्म विभाग के निर्देश पर कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर रामविजय सिंह की देखरेख में सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा।
मठ के संयोजक अजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में बाबा कीनाराम महोत्सव में सूबे के सीएम योगीआदित्यनाथ ने मठ व मठ के बाहर सुंदरीकरण कराने की घोषणा की थी। उसकी पहली किश्त 20 करोड़ रुपये पास हो गए हैं। इस धनराशि से मल्टीपरपज हाल, पब्लिक शौचालय, स्नान गृह ,चेंज रूम, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पंडाल का निर्माण, तालाब का विकास व सुंदरीकरण, पार्किंग सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा प्लेइंग किड्स अपेरट्स व दिव्यांग प्लेइंग किड्स अपेरट्स का प्रावधान, कार्य स्थल का समतलीकरण, कंक्रीट पेवमेंट, फुटपाथ व कर्बस्टोन, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, ट्यूबेल बोरिंग व सबमर्सेबल पंप, 100 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक, मुख्य प्रवेश द्वार, मंदिर परिसर का रेनोवेशन व सुंदरीकरण व आंतरिक स्थल साईनिज का कार्य भी होगा। बताया कि लॉकडाउन के पहले मिलने वाली किश्त 35 करोड़ रुपये थी। लॉकडाउन लगने के बाद 30 जून के बाद इस क़िस्त को दो भाग में बांट दिया गया है। यदि 31 जुलाई तक कोरोना के मरीज बढ़ते हैं तो कार्य अभी आरंभ नहीं किया जाएगा। हालात ठीक रहने पर अगस्त माह से कार्य शुरू हो जाएगा।