मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध मंडलीय जिला चिकित्सालय में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य कर्मियों को स्वाइन फ्लू से बचाने के लिए टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें अग्रिम पंक्ति में मरीजों की सेवा करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए।
इमरजेंसी, आईसीयू, मेडिसिन, पीडियाट्रिक और गायनी एंड ऑब्सटेट्रिक्स विभाग के स्वास्थ्य कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया गया। इसके अलावा भीड़ की व्यवस्था और अस्पताल में अनुशासन व्यवस्था संभालने वाले सुरक्षाकर्मियों को भी टीकाकरण का लाभ दिया गया। वार्डबाॅय और सफाई कर्मचारियों को जागरुकता ब्रोशर वितरित किया गया। । चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का स्वस्थ और संक्रामक रोगों से सुरक्षित रहना जरूरी है। स्वस्थ स्वास्थ्य कर्मी ही मरीजों और समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन किशोर ने बताया कि इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) के मरीजों के लिए अस्पताल परिसर में अलग स्वाइन फ्लू हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां चिकित्सकों की ओर से आवश्यक उपचार, दवाओं का वितरण और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज पांडेय, डॉ. वंदना मौर्य, मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. कौसेन अख्तर, वरिष्ठ चिकित्सा परामर्शदाता डॉ. आरके सिंह और हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. पूजा सलूजा मौजूद रहे।