यूपी: कोयला मंडी में ट्रक में मिली डेढ़ महीने की बच्ची, ट्रांसपोर्ट मालिक ने पुलिस को किया सुपुर्द
चंदौली जिले की चंदासी कोयला मंडी में एक खड़े ट्रक में डेढ़ महीने की बच्ची मिली। ट्रक चालक को बच्ची के रोने की आवाज से पता चला था। उसने देखा कि उसके आसपास कोई नहीं है। उसने तुरंत ट्रक मालिक को इसके बारे में बताया, जहां से इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
विस्तार
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदोसी मंडी में खड़े एक ट्रक में शुक्रवार की सुबह डेढ महीने की बच्ची लावारिस हालत में मिली। सुबह कोयला लोड करने पहुंचे ड्राइवर ने जब बच्ची को देखा तो ट्रांसपोर्ट मालिक को सूचित किया। ट्रक में बच्ची की मिलने की सूचना से भीड़ जुट गई। कोल व्यापारियों ने बच्ची पुलिस को सौंप दी। पुलिस बच्ची को इलाज के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय में ले गई है। जहां से पता चला है कि बच्ची स्वस्थ्य है।
चंदासी एशिया की सबसे बड़ी कोल मंडी है, जहां रोजाना हजारों ट्रकों का आवागमन होता है। मंडी में अशोक कुमार का भी ट्रांसपोर्ट है। उनके ट्रकों द्वारा कोयले ढोने का काम होता है। गुरुवार की रात उनका एक ट्रक ट्रांसपोर्ट के कार्यालय के सामने ही आकर खड़ा हुआ। उस समय तक उसमें कुछ नहीं था। लेकिन जैसे ही शुक्रवार की सुबह ड्राइवर ट्रक को कोयला लोड करने के लिए ले जाने लगा। पीछे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।
उसने देखा कि कंबल में एक डेढ माह की बच्ची स्वेटर पहने लेटी हुई है। उसके आसपास कोई नहीं था। ड्राइवर ने ट्रांसपोर्ट मालिक अशोक को इसकी सूचना दी। अशोक बच्ची को ट्रांसपोर्ट कार्यालय ले गए। वहां से चाइल्ड लाइन को कई बार फोन किया गया लेकिन काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा।
उसके बाद कोतवाली पुलिस को फोन कर बुलाया गया और बच्ची उन्हें सौंप दी गई। पुलिस ने बच्ची को राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। बच्ची स्वस्थ्य है। लोगों में चर्चा रही कि सुबह किसी ने बच्ची को ट्रक में जान-बूझकर छोड़ दिया है।