फ्लाइट में हंगामा: यात्री ने खोला कॉकपिट का दरवाजा, नौ हिरासत में; सीआईएसएफ को बताया सच
बाबतपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट में हंगामे की सूचना पाकर सीआईएसएफ के जवान भी पहुंच गई। अचानक कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया गया। आठ अन्य लोग भी पकड़े गए हैं। इन लोगों ने अपनी बात रखी कि क्यों ऐसा काम किया।
विस्तार
Varanasi News: बाबतपुर सोमवार सुबह बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1086) में बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। उड़ान के दौरान एक यात्री मणि आर. ने अचानक कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि उसने सही कोड तक डाल दिया, लेकिन पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए दरवाजा नहीं खोला और तुरंत क्रू मेंबर को सूचना दी।
क्रू मेंबर के पूछने पर यात्री ने खुद को वॉशरूम जाने वाला बताया, लेकिन स्थिति को संदिग्ध मानते हुए उसका पूरा डॉक्यूमेंट अपने पास रख लिया। इस दौरान उसके साथ आए आठ अन्य दोस्त भी वहां पहुच गए। हालांकि, एयरलाइंस स्टाफ ने कड़ी फटकार लगाकर सभी को सीट पर बैठा दिया।
सीआईएसएफ ने की पूछताछ
सुबह 8:14 बजे बेंगलुरु से उड़ी यह फ्लाइट 10:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। लैंडिंग होते ही सीआईएसएफ के जवान विमान में घुसे और यात्री मणि आर समेत कुल 9 यात्रियों को हिरासत में लेकर पुराने वीआईपी लाउंज में ले गए। यहां आर्मी इंटेलिजेंस, एलआयू, आईबी, रॉ, सीआईएसएफ और पुलिस ने घंटों पूछताछ की।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यात्री द्वारा कॉकपिट का दरवाजा खोलने का प्रयास सामने आया है। चूंकि यात्री पहली बार विमान से सफर कर रहे थे। यात्री ने बताया कि कॉकपिट व वॉशरूम के दरवाजे पास-पास हैं, इसलिए यह घटना भूलवश हो गई है। संयोगवश पासवर्ड समान होने से सिस्टम ने अलर्ट कर दिया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी बयान जारी कर कहा कि एक यात्री शौचालय की तलाश में कॉकपिट क्षेत्र तक पहुंच गया था, लेकिन फ्लाइट की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा। जांच में पता चला कि हिरासत में लिए गए नौ में आठ यात्री ड्राइवर हैं और एक कंपनी में काम करता है। उन्होंने पूछताछ में कहा कि गलती से यह घटना हुई और उन्होंने जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया है।