पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू नगर से गोधना तक बन रहे सिक्स लेन और फोरलेन मार्गों के दोनों ओर अब बिजली के खंभों और तारों को बदलने का कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है। पहले भूमि अधिग्रहण की दिक्कतों के कारण यह कार्य लंबे समय से बाधित था लेकिन अब लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद विद्युत निगम कार्य में तेजी लाया है।
इस परियोजना को अक्तूबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्युत निगम के कार्यकारी अभियंता सुनील कुमार यादव ने बताया कि इस कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग ने दस करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। पीडीडीयू नगर से लेकर गोधना तक सिक्स लेन और फोर लेन मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सड़क के किनारे पुराने, जर्जर और असुरक्षित खंभों एवं तारों की वजह से कई बार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब नए खंभे और उन्नत क्षमता के तार लगाने से न सिर्फ सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। इस परियोजना से न केवल सड़क किनारे की विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी, बल्कि आसपास के रिहायशी इलाकों को भी बेहतर और सुरक्षित बिजली सेवा का लाभ मिलेगा। खासकर बारिश और आंधी-तूफान में बिजली आपूर्ति बाधित होने की जो समस्याएं होती थीं, उनसे निजात मिलने की उम्मीद है।