चंदौली में आठ लोगों की मौत: गर्मी और लू ने ढाया कहर, करंट से वृद्ध की मौत; यहां पढ़ें अन्य हादसे
Chandauli News: चंदौली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों के दौरान कुल आठ लोगों की मौत हो जाने की सूचना है। इसमें पांच लोगों की मौत लू और भीषण गर्मी के कारण हुई है। सभी मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। अग्रिम कार्रवाई जारी है।
विस्तार
पीडीडीयू नगर जिले में रविवार को गर्मी और लू की वजह से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें दो रेल यात्री भी शामिल हैं। पुलिस ने चारों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटेलनगर निवासी राजू गुप्ता (61) पान की दुकान चलाते थे। गंगा दशहरा के मौके पर गंगा स्नान के लिए वह वाराणसी गए। दोपहर बाद वह लौटे और ऑटो से उतरते ही अचेत हो गए। पुलिस ने उन्हें राजकीय महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इसी तरह वेस्टर्न बाजार निवासी अजीत गुप्ता (30) सरकारी राशन की दुकान पर काम करते थे। सुबह उल्टी-दश्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अजीत की दो वर्ष पहले शादी हुई थी और उनकी एक बच्ची है।
दूसरी तरफ महानंदा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-2 में सवार अयूब खां की मिर्जापुर के पास तबीयत खराब हो गई। उन्होंने इसकी सूचना रेल प्रशासन को दी। पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेन पहुंची तो चिकित्सक जांच करने पहुंचे, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं, वाराणसी से रांची जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस शाम को पीडीडीयू जंक्शन पहुंची। जनरल कोच से 60 वर्षीय महिला नीचे उतरी और दो कदम चलते ही अचेत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों यात्रियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लू लगने से एक की मौत
मोहनिया वार्ड नंबर 16 में पीडब्ल्यूडी के पास रविवार को लू लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई बताया जाता है कि मोहनिया के वार्ड नंबर 6 निवासी लाल बहादुर चौरसिया का पुत्र नंदकिशोर चौरसिया (50) घर से अलग होकर भिक्षाटन कर अपना जीवन यापन करता था।
रविवार को वह लू की चपेट मे आकर पीडब्ल्यूडी के पास मृत अवस्था में पाया गया। मोहनिया पुलिस ने उसके शव को कब्जे में क़र पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी।
हाइड्रोलिक ट्रॉली से तार टूटा, करंट से वृद्ध की मौत
सकलडीहा के ओनावल गांव में रविवार को ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली से बिजली का तार टूट गया, जिसकी चपेट में आने से करंट से वृद्ध की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओनावल गांव निवासी रघुवीर राम (65) रविवार सुबह साढे नौ बजे घर के सामने ट्रैक्टर से मिट्टी डलवा रहे थे। मिट्टी गिराने के लिए चालक ने हाइड्रोलिक ट्राली को ऊपर उठाया। इसी दरम्यान ट्रॉली के संपर्क में आने से बिजली का तार टूट गया।
वहीं, मिट्टी पाटने के चक्कर में रघुवीर टूटी तार के संपर्क में आ गए, जिससे करंट से अचेत होकर गिर पड़े। परिजन तार हटाकर उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि करंट की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पंखे से लटका मिला युवक का शव
शहाबगंज थाना क्षेत्र के भैंसासुर गांव में शनिवार की रात घर में मां के काम पर जाने की वजह से बहन के साथ छत पर सोये युवक का सुबह कमरे में पंखे से लटकता शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव निवासी ओम चौहान (22) की मां मुन्नी देवी हलवाई के साथ सहयोग का काम करती हैं। शनिवार की रात वह काम से गजधरा गांव गई थी औरर वहीं रूक गई। ओम रोज की तरह खाना खाकर अपनी छोटी बहन प्रीति के साथ छत पर सोया हुआ था।
सुबह जब प्रीति की आंख खुली तो भाई को न पाकर आसपास खोजने लगी। कमरे में जाकर देखा तो उसका शव लटका हुआ था। ऐसे में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मां और बहन युवक की मौत पर बिलखते रहे।
महिला ने फंदा लगाकर दी जान
सैयदराजा थाना क्षेत्र के कांटा गांव निवासिनी विवाहिता ने रविवार की सुबह कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विवाहिता के भाई शिवपुर बबुरी निवासी चंद्रमोहन ने बताया कि बहन मानसिक रूप से बीमार थी। रविवार की सुबह करीब सात बजे पति और ससुर के खेत जाने के बाद उसने कमरे को बंद कर साड़ी से फंदा लगा लिया। कमरे के बाहर बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने यह देखा तो आस पास के लोगो को बताया। उसके पति मंजय मौर्य घर पहुंचे और इसकी सूचना ससुराल और पुलिस को दी।