बाबा कीनाराम जन्मोत्सव: रामगढ़ में तीन दिन आस्था का मेला, कांवड़िए करेंगे किनेश्वर महादेव का अभिषेक; सुरक्षा
रामगढ़ में बाबा कीनाराम का तीन दिवसीय जन्मोत्सव आज से शुरू होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। बलुआ गंगा घाट से कांवड़िए जल लेकर पहुंचेंगे और किनेश्वर महादेव का विधि-विधान से अभिषेक करेंगे। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
विस्तार
अघोर पंथ के महान संत अघोरेश्वर बाबा कीनाराम की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में उनका 427वां जन्मोत्सव बृहस्पतिवार से शुरू होगा। 10 से 12 सितंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय जन्मोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धाम परिसर को सजाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने बताया कि जन्मोत्सव के पहले दिन बृहस्पतिवार सुबह कांवड़िए बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट से जल भरकर किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद महिलाएं पारंपरिक सोहर और मंगल गीत प्रस्तुत करेंगी तथा बाबा की भव्य आरती उतारी जाएगी। सुबह से धाम परिसर में मानस पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे।
सुबह नौ से 11 बजे तक अविनाश सिंह, राकेश सिंह, राकेश दीक्षित और डॉ. परमानंद त्रिपाठी मानस पाठ करेंगे। इसके बाद 11 बजे से शाम चार बजे तक बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों सहित स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शाम चार से छह बजे तक विचार संगोष्ठी होगी। इसमें डॉ. मधु सिंह, डॉ. अनिल यादव, डॉ. रामसुधार सिंह और सूर्यनाथ सिंह विचार रखेंगे।
रात आठ से नौ बजे तक सोहर गीत और आरती होगी। इसके बाद रात नौ बजे से तड़के साढ़े तीन बजे तक सांस्कृतिक संध्या होगी। इसमें समर सिंह, मनोज यादव, मोनू अलबेला, पवन परदेशी, राकेश तिवारी और ज्योति माही समेत अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।
मेले की सुरक्षा के लिए पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विद्युत तारों की सुरक्षा, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम, खोया-पाया केंद्र, पार्किंग, कंट्रोल रूम और सांस्कृतिक मंच की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि इस बार क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच देकर स्थानीय कलाकारों को विशेष अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बाबा कीनाराम के आदर्शों को अपनाने और मेला व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। कहा कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। महिलाओं से बहुमूल्य आभूषण पहनकर मेले में नहीं आने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम का संदेश आडंबर नहीं, बल्कि सादगी और जनसामान्य की सेवा है।
तैयारियों के दौरान अरुण सिंह, धनंजय सिंह, प्रेम पाठक, कुलदीप वर्मा, दिनेश सोनकर, इंद्रेश कुमार, रूबी सिंह, मिथिलेश सिंह, संतोष पटेल, अनिल पांडेय, बुज्जा पांडेय, सुनील विश्वकर्मा, अशोक मौर्य, नंदू गुप्ता और संदीप पाटिल समेत कई लोग मौजूद रहे।