चंदौली: अधूरी सड़क ने छीन लिया परिवार का सहारा, हादसे में ऑटो चालक की मौत
चंदौली के रामगढ़ में शनिवार शाम अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) की वाराणसी ट्रामा सेंटर में रविवार भोर में मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
विस्तार
चहनिया के बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत रामगढ़ निवासी ऑटो चालक तिलकधारी गोस्वामी (35) की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार शाम रामगढ़ स्थित गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास अर्धनिर्मित सड़क पर बिखरी गिट्टी से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान रविवार भोर करीब तीन बजे दम तोड़ दिया।
तिलकधारी शनिवार शाम करीब सात बजे गुरेरा-रामगढ़-नादी मार्ग पर ऑटो लेकर जा रहे थे। रामगढ़ में गुलाब सिंह स्मृति द्वार के पास सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण गिट्टी बिखरी हुई थी। इसी दौरान ऑटो का पहिया गिट्टी पर चढ़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई।
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रविवार को शव रामगढ़ स्थित घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कविता और दोनों बेटियों रितिका (10) और आर्या (8) का रो-रोकर बुरा हाल रहा। तिलकधारी ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है।
थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।