क्षेत्र के चकिया रेंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमसोती में बुधवार को वन्य प्राणी सप्ताह का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से जन जागरूकता रैली भी निकाली गई । इस अवसर पर आयोजित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
वन्य प्राणी सप्ताह कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जमसोती स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा आठ के अजय कुमार ने प्रथम, शशि कला ने द्वितीय एवं कक्षा छह की कुमारी आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कुल 20 छात्रों ने भाग लिया। जिसमें प्रथम स्थान पर कुमारी रागिनी, द्वितीय स्थान पर साहिल, तृतीय स्थान पर जितेंद्र कुमार रहे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा वन्य प्राणी सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता रैली गांव में निकाली गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रदेव कुमार, सहायक अध्यापक सुनील शरण उपाध्याय, वन विभाग के वन दरोगा केशव सिंह, वनरक्षक राम नगीना, यशवंत सिंह, सच्चिदानंद, लाल बहादुर सहित तमाम वन कर्मी व ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी दिया गया।