नियामताबाद। अधिवक्ता के ऊपर दर्ज हुए मुकदमे से नाराज मुगलसराय बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को बार अध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीडीयू नगर तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिवक्ता दिनभर न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ताओं ने कहा कि 18 जनवरी को मुगलसराय बार एसोसिएशन का चुनाव था। जिसमें कटेसर गांव निवासी अधिवक्ता रामभरोस यादव तहसील में उपस्थित रहे। जबकि उसी दिन कटेसर गांव में एक दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया था। इसमें कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। जिसमें पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ताओं ने कहा कि उस दौरान रामभरोस यादव घटनास्थल पर न होकर पीडीडीयू नगर तहसील परिसर में चल रहे बार एसोसिएशन के चुनाव में शिरकत कर रहे थे। कहा कि यदि अधिवक्ता के ऊपर दर्ज केस वापस नहीं लिया गया तो मुगलसराय बार एसोसिएशन आंदोलन करने को बाध्य होगा। अधिवक्ताओं ने एसडीएम मनोज कुमार पाठक को मांग पत्र सौंप कर मुकदमा वापस कराए जाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूर्व महामंत्री अरविंद यादव, जयप्रकाश यादव, संजय कुमार, कृष्णानन्द त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, आजाद, निजामुद्दीन हाशमी, ओमप्रकाश मौर्य, शिवपूजन, अवधेश यादव, फिरोज अहमद आदि शामिल रहे।