चंदौली। कलेक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को प्रभारी व प्रदेश के उर्जा राज्यमंत्री मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में जिले के विकास के लिए 265 करोड़ के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। प्रस्ताव को पास कराने के बाद बजट के लिए इसे शासन को भेजा जाएगा। अगले वित्तीय वर्ष में बजट आवंटित होने के बाद संबंधित विभागों की ओर से प्रस्तावित विकास के कार्यों को कराया जाएगा। जिला योजना समिति की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, आवास, सड़क और पुल सहित विभिन्न विभागों ने प्रस्ताव को प्रस्तुत किया। जिसे बैठक में पास कर दिया गया। इस दौरान प्रदेश के उर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने अफसरों से प्रस्तावों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली और धनराशि के सदुपयोग करने का निर्देश दिया। कहा कि सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिलना चाहिए। योजना से जो भी व्यक्ति वंचित हैं, उन्हें चिह्नित कर लाभान्वित किया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को चंदौली-सैदपुर मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि अपात्र योजना से लाभान्वित न होने पाएं। यदि किसी अधिकारी की ओर से अपात्रों का नाम सूची में शामिल कर लिया गया है तो उसके वेतन से धनराशि की रिकवरी की जाए। कहा कि धान खरीद में किसानों के भुगतान में विलंब करने वाली निजी एजेंसियों को गेहूं खरीद में कदापि शामिल न किया जाए। उन्होंने रेशम विभाग के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर धनराशि की डिमांड करने का सुझाव दिया। इस दौरान विधायक साधना सिंह, सुशील सिंह, शारदा प्रसाद, प्रभुनारायन सिंह यादव, डीएम संजीव सिंह, एसपी अमित कुमार, सीडीओ अजितेंद्र नारायण, सीएमओ डा.वीपी द्विवेदी, सीवीओ डा. एसपी पांडेय, उप निदेशक कृषि राजीव भारती, डीडीओ पद्मकांत शुक्ला, उपायुक्त स्वत: रोजगार एमपी चौबे, उपायुक्त मनरेगा धर्मजीत सिंह, परियोजना निदेशक सुशील कुमार उपस्थित रहे। संचालन डीएसटीओ डा. राजीव श्रीवास्तव ने किया।