चंदौली। पुरानी पेंशन बहाली के लिए शनिवार को केवीके सभागार में जन जागरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें लोगों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए जमकर आवाज उठाई और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी। इसके अलावा 21 जनवरी को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल कराने के लिए कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी कई वर्षो से मांग कर रहे है। जिला मुख्यालयों से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन भी हुए। लेकिन सरकार में बैठे लोगों को इसकी परवाह नहीं हुई है। इससे संगठन के लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त है और सरकार के खिलाफ आक्रोश भी है। कहा कि पुरानी पेंशन के अलावा कोई अन्य प्रस्ताव संगठन को मंजूर नहीं है। अगर सरकार में बैठे लोगों को हमरी परवाह नहीं है तो हम एकजुट होकर उन्हे अपनी ताकत दिखाना जरुरी हो गया है। प्रदेश कोषाध्यक्ष शिवशंकर पांडेय ने कहा कि 21 जनवरी को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को अपनी ताकत दिखाएंगे। इस दौरान सुनील सिंह, रामइच्छा सिंह, सच्चिदानंद पांडेय, अंसार अहमद, उपेंद्र बहादुर सिंह, कैलाश प्रसाद, डा. संजय सिंह, रामसिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह यादव, बलराम पाठक, आनंद सिंह, अमर बहादुर सिंह, अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।