नौगढ़। क्षेत्र के नक्सल प्रभावित गांव धोबई गांव में पिछले नौ माह से विद्युत आपूर्ति ठप रहने पर रविवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने गांव में लगे ट्रांसफार्मर के समीप एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने एक माह में आपूर्ति बहाल न करने पर इसकी शिकायत सीएम पोर्टल पर करने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिलायंस एनर्जी के तहत गांव में विद्युतीकरण कराया गया था। विद्युतीकरण के बाद जब भी खराबी आती है तो उसे बनाने के लिए विभागीय कर्मचारी सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। लगभग नौ माह पूर्व ट्रांसफार्मर की कपलिंग व कलंप टूट जाने के कारण विद्युत आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों के कई बार विद्युत सब स्टेशन पर इसकी शिकायत का कोई असर नहीं हुआ है। आरोप लगाया कि तहसील मुख्यालय से दूरी अधिक और जंगलों के बीच गांव के बसे होने के कारण उनकी शिकायतों की अनदेखी की जाती है। चेतावनी दी कि यदि खराबी को जल्द दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत करने के साथ उप जिलाधिकारी कार्यालय व विद्युत सब स्टेशन का घेराव करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में रजवंती, सुखिया, कौशल्या, भवन विश्वकर्मा, धीरेंद्र, अमरनाथ, रामेश्वर ,सुभाष, संगीता, चौरंगी, दुर्गावती, वर्षा शामिल रहे।