बीबीनगर। थाना क्षेत्र के गांव मंडोना जाफराबाद निवासी 23 वर्षीय युवक शिवा का शव सोमवार देर रात गांव के निकट एक खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम को वह घर से बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र के गांव मंडोना जाफराबाद निवासी श्योवीर सिंह ने बताया कि उनका पुत्र शिवा सोमवार शाम घर से दुकान पर जाने की बात कहकर निकला था। करीब सात बजे उसकी मां राजेश ने फोन कॉल कर शिवा से बात की। शिवा ने बताया कि वह चित्तसोना-अलीपुर स्थित मेडिकल स्टोर पर दवाई ले रहा है। इसके बाद परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन शिवा से संपर्क नहीं हो सका। कुछ देर बाद उसका फोन भी बंद हो गया। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पिता श्योवीर ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की मदद से परिजन गांव के बाहर एक खेत में पहुंचे, जहां शिवा का शव फंदे से लटका हुआ था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ रामकरन सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।