गुलावठी। कौशिक किड्स एंड पब्लिक स्कूल में मंगलवार को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर धमाल मचाया। शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान, विशिष्ट अतिथि सुरेश चंद शर्मा, प्रबंधक वीना कौशिक व प्रधानाचार्य दिनेश कौशिक ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
छात्र-छात्राओं ने महाभारत पर नृत्य नाटिका सतयुग से कलयुग तक, मोबाइल का सदुपयोग, फास्ट फूड से हानि, डांसिंग फ्लावर, गीत, नृत्य एवं लघु नाटिकाएं आदि प्रस्तुत कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि बच्चे मोबाइल का प्रयोग न करें। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। आज के समय में अभिभावकों को भी जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। इस दौरान उप प्रधानाचार्य रेखा सैनी, रामकुमार कौशिक, राजीव सैनी, आदेश चौहान, वीके शर्मा, डॉ. संचय अग्रवाल, डॉ. परिचय अग्रवाल व प्रभात मुद्गल आदि मौजूद रहे। संवाद