{"_id":"58f50d584f1c1bb446470db2","slug":"in-auraya-the-truck-was-being-robbed-in-bulandshahr-the-goods-were-being-sold","type":"story","status":"publish","title_hn":"औरेया में ट्रक लूटकर बुलंदशहर में बेचा जा रहा था माल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
औरेया में ट्रक लूटकर बुलंदशहर में बेचा जा रहा था माल
ब्यूरो, अमर उजाला/ बुलंदशहर
Updated Tue, 18 Apr 2017 12:15 AM IST
विज्ञापन
लूट
- फोटो : अमर उजाला
गुजरात से कानपुर जा रहे ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया। विरोध करने पर चालक की हत्या कर शव जनपद औरेया में फेंक दिया। बदमाशों ने ट्रक को खाली करके छतारी थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दिया। दो आरोपी गांव पौंडरी में माल रखकर धीर-धीरे बेच रहे थे।
विज्ञापन
सोमवार सुबह एसटीएफ की मदद से पुलिस ने लूटा गया करीब 50 लाख का माल बरामद कर लिया। साथ ही गांव निवासी दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गैंग का सरगना अभी पुलिस गिरफ्त से दूर है।
विज्ञापन
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि कानपुर निवासी अनूप अवस्थी की कानपुर में गांधी रोड लाइंस में ट्रांसपोर्ट है। ट्रक पर रामअवतार (55) पुत्र छेदानाथ निवासी सुशील नगर उरई जिला जालौन चालक था।
विज्ञापन
नौ अप्रैल 2017 को रामअवतार ट्रक में सूट, साड़ी व प्लास्टिक का दाना लोड करके गुजरात के सूरज से कानपुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक में जीपीआरएस लगा हुआ था। दस अप्रैल 2017 में ट्रक की लोकेशन झांसी के पास थी।
जिसके बाद ट्रक की लोकेशन छतारी में मिलनी शुरू हुई। ट्रक की लोकेशन कानपुर न होकर छतारी मिलने पर शक हुआ। अनूप अवस्थी ने फौरन ही छतारी पुलिस से संपर्क साधा। छतारी पुलिस ने ट्रक को लावारिस में दाखिल कर लिया।
चालक का कुछ पता नहीं चला। 12 अप्रैल की सुबह औरेया थाना पुलिस को नहर पटरी से एक अज्ञात शव मिला। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने उसका लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया। समाचार पत्रों में अज्ञात शव मिलने की सूचना प्रकाशित हुई।
जिसके बाद परिजन औरेया पहुंचे। कानपुर देहात के अमराहट थाना क्षेत्र की बिलासपुर गांव निवासी मुन्नी देवी ने शव की शिनाख्त अपने भाई रामअवतार के रूप में की। ट्रक व शव मिलने से पुलिस की समझ आ चुका था कि लुटेरों ने ही वारदात को अंजाम दिया है।
इस ट्रक लूट की वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने एसटीएफ की मदद ली। सोमवार सुबह एसटीएफ की टीम नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव पौंडरी पहुंच गई। पुलिस ने गोदाम से लूटा गया माल बरामद कर लिया।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि एसटीएफ की टीम दो लोगों को अपने साथ ले गई। दोनों लोग पौंडरी के रहने वाले है। ये लोग क्षेत्र में लूटे गए माल को धीरे-धीरे करके बेच रहे थे। वहीं पुलिस अभी गैंग के सरगना को तलाश रही है।