वीडियो: सुबह से लापता थी मासूम, देर रात पड़ोस की महिला के घर मिला शव; तंत्र-मंत्र की आशंका, लोग कर रहे हंगामा
बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूड़ में सुबह से लापता मासूम बच्ची का शव देर रात पड़ोस में रहने वाली महिला के घर से मिला। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तंत्र-मंत्र के पहलू की भी जांच की जा रही है। घटना से गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया।
विस्तार
बुलंदशहर थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूड़ में एक मासूम बच्ची की हत्या से हड़कंप मच गया है। बच्ची सुबह 11 बजे से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। देर रात उसका शव पड़ोस में रहने वाली एक तंत्र-मंत्र करने वाली महिला के घर से बरामद हुआ।
पुलिस हिरासत में आरोपी महिला, कभी सोनाली तो कभी अनन्या बता रही नाम
वारदात के बाद फरार हुई आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला बेहद शातिर है और पूछताछ में बार-बार अपने बयान के साथ-साथ अपना नाम भी बदल रही है। वह कभी खुद को सोनाली बता रही है, तो कभी अपना नाम अनन्या बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उसके पास से मिले आधार कार्ड में उसका नाम सोनाली दर्ज है। दस्तावेजों की गहनता से जांच कराई जा रही है, जिसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने लोगों को खदेड़ना शुरू किया
महिला बिसरख की रहने वाली बताई जा रही है। उसके पति की मौत हो चुकी है। 8 साल की एक बच्ची भी है महिला के पास जो हत्या के समय घर पर नहीं थी। अभी भी लोग सड़क किनारे बैठे हैं। पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया है। बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि लोग फिर से जाम न लगा सकें।
हिरासत में आरोपी
पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र का पहलू भी जांच के दायरे में है। पुलिस इस आशंका पर गंभीरता से विचार कर रही है। बच्ची की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में भारी गुस्सा फैल गया। उन्होंने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों को शांत कराया।
घटना का विवरण
मासूम बच्ची के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। देर रात पड़ोस की महिला के घर से उसका शव मिलने पर सभी चौंक गए। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। उससे हत्या के कारणों और तंत्र-मंत्र के कोण पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
