Budaun News: कछला घाट पर गंगा में स्नान के दौरान हाथरस के तीन दोस्त बहे, दो की डूबने से मौत
बदायूं के कछला घाट पर सोमवार दोपहर हादसा हो गया। गंगा में नहाते समय तीन दोस्त नदी में बह गए। पीएसी के गोताखोरों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं के उझानी में कछला घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के लिए आए सात दोस्तों में तीन युवक नदी में बह गए। उन्हें डूबता देख साथियों ने शोर मचाया तो पीएसी के गोताखोरों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अन्य दो युवकों की डूबने से मौत हो गई।
हाथरस जिले में मुड़सान थाना क्षेत्र के गांव नगला अन्नी और पड़ोसी गांव के सात दोस्त बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए कछला आए थे। दोपहर के वक्त गंगा में स्नान करते समय विनय (24) पुत्र चंद्रवीर, सौरभ (25) पुत्र राजू और दिनेश (22) गहराई में चले गए। तीनों को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पीएसी के गोताखोर तुरंत मोटरबोट से पहुंच गए।
उन्होंने दिनेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन करीब आधा घंटे बाद विनय और सौरभ को नदी से निकाला जा सका। एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, जहां चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।
रेलवे पुल से 100 मीटर दूर हुआ हादसा
इस बीच एसडीएम मोहित कुमार और सीओ शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हादसे के संबंध में युवकों के दोस्तों से जानकारी की। एसडीएम ने बताया कि हादसा रेलवे पुल से करीब 100 मीटर दूर पश्चिम में हुआ। उस तरफ श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ काफी कम थी। मृतकों के दोस्त पंकज ने बताया कि विनय पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए कोचिंग तो सौरभ बीए अंतिम वर्ष का छात्र था।
बदहवास दोस्त बोले- जिंदा है सौरभ, कहीं और ले चलो
एंबुलेंस से विनय और सौरभ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया तो उनके दोस्त बदहवास नजर आए। अस्पताल में चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने जब दोनों को मृत घोषित किया तो सौरभ का हाथ पकड़कर पंकज ने कहा कि यह तो जिंदा है। किसी हॉयर सेंटर पर ले चलो। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर किसी तरह शांत किया।