फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Three of Five Children Who Went for a Dip in the Ganges Drown; One Body Recovered, Search for Two Continues

Budaun News: गंगा नहाने गए पांच बच्चों में तीन डूबे, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी

Mon, 13 Apr 2026 01:07 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Mon, 13 Apr 2026 01:07 AM IST
विज्ञापन
Three of Five Children Who Went for a Dip in the Ganges Drown; One Body Recovered, Search for Two Continues
उसहैत थाना क्षेत्र में तीन बच्चों के गंगा नदी में डूबने के बाद एक बच्चे का शव मिलने पर शोकाकुल
उसहैत। ग्राम खजुरा नगला पुख्ता के पास बह रही गंगा नदी में रविवार शाम नहाने गए पांच बालकों में से तीन डूब गए। हादसे में एक बालक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश देर रात तक जारी रही। दो बच्चे बच गए। लापता दोनों बच्चे सगे भाई हैं। उनकी तलाश में बरेली से एसडीआरएफ व फ्लड पीएसी की टीम बुलाकर लगाई गई है। मौके पर पुलिस व गोताखोरों की टीम बच्चों की तलाश में जुटी है। डीएम व एसएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, गांव खजुरा नगला पुख्ता के पास रविवार शाम गंगा नदी में नहाते समय पांच बच्चे- पिंटू (9 वर्ष), केशव (11 साल) और सिंकू (13 साल) पुत्र जमादार के अलावा अखिलेश पुत्र संतोष (8 साल) व विकास पुत्र वीरेश (11 साल) गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। इस दौरान मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने दो बच्चों सिंकू व विकास को सकुशल बाहर निकाल लिया। वहीं अखिलेश की डूबने से मौत हो गई। उसका शव बरामद कर लिया गया है। वहीं जमादार के दोनों बेटे पिंटू व केशव लापता हैं।
विज्ञापन

बच्चों के डूबने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने शोर मचाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हर कोई बच्चों को बचाने की कोशिश में जुट गया। गोताखोरों की टीम स्टीमर के साथ नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन



परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने दो परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। जमादार के परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटे हादसे का शिकार हो गए हैं। वहीं अखिलेश के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर घर में मातम पसरा है और महिलाओं के विलाप से माहौल गमगीन बना हुआ है।


नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे के बाद गंगा किनारे सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था मौजूद है। इससे इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।

गर्मी से बचने के लिए नदी में नहाने पहुंचे थे पांचों बच्चे

बढ़ती गर्मी के कारण पांचों बच्चों ने गंगा में नहाने की योजना बनाई और पानी में उत्तर गए। बहाव तेज होने के कारण पांचों डूबने लगे। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने बच्चों को डूबते देखा तो बचाने के लिए दौड़े। मौके पर अफरातफरी मच गई। गांव के कुछ तैराक गंगा में उतरे और अखिलेश को बाहर निकाल लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विकास और सिंकू को भी लोगों ने डूबने से बचा लिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल भेजा गया है। केशव और पिंटू लापता हैं। गोताखोरों के साथ फ्लर्ड पीएसी व एसडीआरएफ टीम समेत गांव वालों की मदद से लापता सगे भाइयों केशव और सिंकू की तलाश की जा रही है। माैके पर डीएम अवनीश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक सिंह समेत अन्य अफसरों ने पहुंचकर जायजा लिया व पीड़ित परिवार को भी ढांढस बंधाया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बच्चे अक्सर नदी में नहाने के लिए जाते हैं, ऐसे में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतते हुए नदी किनारे निगरानी और जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की पूरी कहानी, खेल, खेल में नदी गए बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रविवार शाम 3:30 बजे हुआ। वे खेतों में गेहूं निकाल रहे थे। इस दौरान बच्चे खेतों के पास ही खेल रहे थे। अचानक सभी एक-एक करके गंगा में उतर गए। किनारे खड़े होकर पानी में खेलने लगे। हमें लगा, नहाकर लौट आएंगे, लेकिन तेज बहाव के कारण पिंटू लड़खड़ा गया। वह बहने लगा तो भाई केशव समेत सिंकू उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े। तीनों डूबने लगे तो विकास और अखिलेश भी हड़बड़ा गए। वो भी तीनों को बचाने कूद पड़े। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर खेतों से दौड़कर लोग गंगा किनारे पहुंचे। बचाने के लिए गंगा में कूदे, लेकिन तब तक बच्चे बहकर दूर जा चुके थे।
सिंकू और विकास को 15 मिनट की मशक्कत के बाद निकाल लिया गया, लेकिन बाकी तीनों बच्चे बह गए अखिलेश को जब तक निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी। केशव और पिंटू का कोई पता नहीं लगा। मौके पर बच्चों के घर वाले पहुंचे। महिलाएं बिलखने लगीं। वह चीख रही थीं। गांव और घर वालों ने उन्हें शांत कराया। अखिलेश के पिता संतोष का कहना, वे शव का पोस्टमॉर्टम नहीं कराना चाहते हैं।



उसहैत थाना क्षेत्र में गंगा नदी में नहाने के दौरान पांच बच्चे डूब गए। इनमें से दो बचा लिए गए, जबकि एक का शव बरामद किया गया है। दो बच्चे लापता हैं। फ्लड पीएसी कंपनी, एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों की टीम उनकी तलाश कर रही है। उक्त घटना गंगा की मुख्य धारा में बच्चों के चले जाने के कारण हुई है। मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मुआवजा भी दिलाया जाएगा। - अवनीश राय, डीएम

उसहैत थाना क्षेत्र में तीन बच्चों के गंगा नदी में डूबने के बाद एक बच्चे का शव मिलने पर शोकाकुल

उसहैत थाना क्षेत्र में तीन बच्चों के गंगा नदी में डूबने के बाद एक बच्चे का शव मिलने पर शोकाकुल

उसहैत थाना क्षेत्र में तीन बच्चों के गंगा नदी में डूबने के बाद एक बच्चे का शव मिलने पर शोकाकुल

उसहैत थाना क्षेत्र में तीन बच्चों के गंगा नदी में डूबने के बाद एक बच्चे का शव मिलने पर शोकाकुल

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed