बदायूं: पीडीए पंचायत में उठेगा वोट चोरी का मुद्दा, सपा सांसद बोले- जिले में तीन लाख से अधिक नाम काटे गए
सपा सांसद आदित्य यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर एक पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए धांधली करने का आरोप लगाया। कहा कि सपा पीडीए पंचायत के माध्यम से वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।
विस्तार
बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने शनिवार को चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा पीडीए पंचायत के माध्यम से वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी। कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए धांधली कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में 13 करोड़ वोट काट दिए गए हैं, जिले में ही तीन लाख से अधिक वोट काटे गए हैं।
सांसद ने कहा कि जिन लोगों के वोट काटे गए हैं, उनकी आवाज उठाने और उनके वोट डालने के अधिकार को वापस दिलाने का काम किया जाएगा। सभी विधानसभाओं में पीडीए पंचायत के माध्यम से लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। वोट कटने का ब्योरा चुनाव आयोग नहीं दे रहा है।
सांसद बोले- मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें
फॉर्म-6 के बदलाव सवाल पर सांसद ने कहा कि इसमें क्यों बदलाव किया गया, इसकी जानकारी क्यों छिपाई जा रही है। कहा कि गांधी जयंती पर बड़े-बड़े नेता बातें करते रहे लेकिन जंतर-मंतर पर लोगों को जाने से रोकने के लिए बसों में भरकर रोका गया, ऐसे में लोकतंत्र कहां बचा है। सपा सांसद ने मांग की है कि मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें या सरकार उन्हें हटाए।
गोशालाओं में गोवंशों की मौत पर सांसद ने कहा कि सरकार बुलडोजर चलाने का दावा करती है, जिले की गोशालाओं को खोदकर देखा जाए तो अवशेष मिलेंगे। इस मामले में कड़ी जांच होनी चाहिए। रामलीला कमेटी से 50 हजार रिश्वत के मामले पर कहा कि सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, राम के नाम पर लूट की जा रही है।